Adulterated Ghee: उदयपुर में मिलावटी घी का भंडाफोड़, 18 हजार लीटर घी जब्त, कलर मिलाकर बेचने की आशंका

Adulterated Ghee: उदयपुर में मिलावटी घी का भंडाफोड़, 18 हजार लीटर घी जब्त, कलर मिलाकर बेचने की आशंका

उदयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान करीब 18 हजार लीटर संदिग्ध घी जब्त किया गया. जांच में पीला फूड कलर भी मिला है, जिससे घी को गाय के घी के रूप में बेचने की आशंका जताई जा रही है. नमूने लैब भेजे गए हैं और बिक्री पर रोक लगा दी गई है.

Advertisement
Adulterated Ghee: उदयपुर में मिलावटी घी का भंडाफोड़, 18 हजार लीटर घी जब्त, कलर मिलाकर बेचने की आशंकामिलावटी घी जब्‍त (सांकेतिक तस्‍वीर)

राजस्थान के उदयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान कथित मिलावटी घी का बड़ा मामला सामने आया है. जांच टीम ने एक डेयरी इकाई पर छापा मारकर करीब 18 हजार लीटर घी जब्त किया है. प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई गई है कि घी को आकर्षक रंग देने के लिए उसमें पीला फूड कलर मिलाया जा रहा था, ताकि उसे गाय के घी के रूप में बाजार में बेचा जा सके. खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता संबंधी शिकायतें मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा आयुक्तालय की केंद्रीय प्रवर्तन टीम ने उदयपुर जिले में संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया. इस दौरान एक डेयरी एवं खाद्य उत्पाद इकाई की जांच की गई, जहां विभिन्न ब्रांड नामों से घी का उत्पादन और भंडारण किया जा रहा था.

बिना लेबल वाले डिब्बों में मिला घी

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को बड़ी मात्रा में घी टैंकों और कंटेनरों में रखा मिला. कई टिन ऐसे भी पाए गए जिन पर आवश्यक लेबल, बैच नंबर या अन्य अनिवार्य जानकारी दर्ज नहीं थी. अधिकारियों के अनुसार, यह खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन माना जाता है.

पीला फूड कलर मिलने से बढ़ी आशंका

जांच के दौरान परिसर से पीले रंग की फूड कलर की बोतलें भी बरामद हुईं. अधिकारियों का कहना है कि इस रंग का इस्‍तेमाल घी के स्वरूप को बदलने के लिए किया जा रहा था. इससे यह संदेह गहरा गया है कि उत्पाद को गाय के घी के रूप में प्रस्तुत कर बाजार में उतारा जा रहा था.

प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए नमूने

मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए घी के नमूने एकत्र कर राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं. वैज्ञानिक परीक्षण की रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि उत्पाद खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा उतरता है या नहीं. जांच खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत की जा रही है.

बिक्री और वितरण पर तत्काल रोक

जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही करीब 18 हजार लीटर घी जब्त कर उसकी बिक्री और वितरण पर रोक लगा दी. विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी.

दूसरे प्रतिष्ठान में भी मिला भारी स्टॉक

अभियान के दौरान एक अन्य निजी कंपनी का भी निरीक्षण किया गया. वहां विभिन्न ब्रांडों के 42 हजार किलोग्राम से अधिक घी, मक्खन और अन्य डेयरी उत्पादों का स्टॉक मिला. अधिकारियों ने बताया कि इस सामग्री की भी विस्तृत जांच की जा रही है और पूरे मामले की पड़ताल जारी है. (पीटीआई)

POST A COMMENT