मदर डेयरी ने दिल्ली के मंगोलपुरी स्थित प्लांट के विस्तार का किया उद्घाटन (फाइल फोटो)केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी और पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने शुक्रवार को दिल्ली के मंगोलपुरी स्थित मदर डेयरी की ‘सफल’ इकाई में विस्तार परियोजनाओं का उद्घाटन किया. इस मौके पर राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) और मदर डेयरी के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी रही. इस पहल को कंपनी के बागवानी कारोबार को मजबूत करने और किसानों के लिए बाजार विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
करीब 65 करोड़ रुपये के निवेश से तैयार इन विस्तार योजनाओं के तहत ‘सफल’ ब्रांड के फ्रोजन मटर और इडली-डोसा बैटर के लिए नई प्रोसेसिंग लाइनों की स्थापना की गई है. खास तौर पर इंडिविजुअल क्विक फ्रीजिंग (IQF) तकनीक से लैस नई लाइन के शुरू होने से मंगोलपुरी प्लांट में फ्रोजन मटर की उत्पादन क्षमता 4,500 मीट्रिक टन से बढ़कर 9,000 मीट्रिक टन प्रति वर्ष हो जाएगी. इससे कंपनी की उत्पादन क्षमता के साथ-साथ सप्लाई नेटवर्क भी मजबूत होगा.
इसके साथ ही लगभग 1,500 मीट्रिक टन सालाना क्षमता वाली आधुनिक इडली-डोसा बैटर प्रोसेसिंग लाइन भी शुरू की गई है. कंपनी ने कहा कि इससे रेडी-टू-कुक सेगमेंट में उसकी पकड़ मजबूत होगी और नए बाजारों में विस्तार का रास्ता खुलेगा. बदलती उपभोक्ता मांग को देखते हुए यह कदम रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है.
कार्यक्रम में मंत्री ललन सिंह ने कहा कि एनडीडीबी और उसकी इकाइयां कठिन परिस्थितियों में भी उपभोक्ताओं को उचित कीमत पर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने का काम कर रही हैं. उन्होंने कहा कि डेयरी और बागवानी क्षेत्र में इस तरह की पहलें किसानों की आय बढ़ाने और कृषि मूल्य श्रृंखला को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रही हैं.
वहीं, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के सचिव नरेश पाल गंगवार ने कहा कि ‘सफल’ ने किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उपभोक्ताओं को गुणवत्ता सुनिश्चित करने में अहम योगदान दिया है. उन्होंने इसकी पहुंच एनसीआर से बाहर बढ़ाने पर जोर दिया ताकि अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सके.
NDDB और मदर डेयरी के अध्यक्ष डॉ. मीनेश शाह ने कहा कि कंपनी बागवानी कारोबार के विस्तार के लिए बड़े स्तर पर निवेश कर रही है. उन्होंने बताया कि देशभर में आधुनिक प्रोसेसिंग नेटवर्क विकसित करने की योजना के तहत कुल निवेश 750 करोड़ रुपये से अधिक होगा. इससे किसानों को सीधे बाजार से जोड़ने और वैल्यू एडेड उत्पादों की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी.
मदर डेयरी के उप प्रबंध निदेशक जयतीर्थ चारी ने कहा कि फ्रोजन और रेडी-टू-कुक उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है. नई क्षमता जुड़ने से कंपनी भविष्य में फ्रोजन ब्रोकली जैसे नए उत्पाद भी बाजार में ला सकेगी. साथ ही मौसमी फसलों के बड़े स्तर पर प्रोसेसिंग से किसानों को स्थिर और भरोसेमंद बाजार मिलेगा.
गौरतलब है कि ‘सफल’ ने देश में फ्रोजन मटर श्रेणी की शुरुआत की थी और आज यह उत्पाद 29 राज्यों में उपलब्ध है. नई परियोजनाओं के बाद कंपनी की कुल फ्रोजन प्रोसेसिंग क्षमता और बढ़ेगी, जिससे बाजार में इसकी स्थिति और मजबूत होने की उम्मीद है. कार्यक्रम के दौरान लंबे समय से जुड़े किसानों को सम्मानित भी किया गया.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today