बाढ़ में उजड़ी शिक्षा को मिला सहारापंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्वराज ट्रैक्टर्स और एसएमएल महिंद्रा ने बड़ा कदम उठाया है. महिंद्रा ग्रुप की इन दोनों कंपनियों ने अमृतसर और गुरदासपुर जिलों के पांच सरकारी स्कूलों का पुनर्निर्माण कर उन्हें पंजाब सरकार के शिक्षा विभाग को सौंप दिया है. बाढ़ के कारण इन स्कूलों की इमारतों और जरूरी सुविधाओं को भारी नुकसान पहुंचा था, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी.
अब इन स्कूलों में दोबारा सुरक्षित और बेहतर माहौल में पढ़ाई शुरू हो सकेगी. इस पहल के जरिए कंपनियों ने ग्रामीण इलाकों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आपदा के समय समुदायों की मदद करने की अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाया है.
पंजाब के सीमावर्ती जिलों में आई भीषण बाढ़ ने कई इलाकों में जनजीवन को प्रभावित किया था. इसका असर सरकारी स्कूलों पर भी पड़ा था. कई स्कूलों की इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई थीं, कक्षाओं, शौचालयों, पानी की व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं को नुकसान पहुंचा था. इसके कारण सैकड़ों बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई थी.
स्थिति को देखते हुए स्वराज ट्रैक्टर्स और एसएमएल महिंद्रा ने स्कूलों के पुनर्निर्माण की जिम्मेदारी ली. इस परियोजना के तहत अमृतसर जिले के माछीवाला, गुज्जरपुरा और समराई गांवों के सरकारी प्राथमिक स्कूलों और गुरदासपुर जिले के मनसूर और सिंहपुरा गांवों के स्कूलों को फिर से तैयार किया गया.
पुनर्निर्माण के दौरान स्कूलों में कई जरूरी काम किए गए. इसमें खराब हो चुकी कक्षाओं की मरम्मत, नए किचन शेड का निर्माण, चारदीवारी की मरम्मत, साफ-सफाई और शौचालय सुविधाओं को बेहतर बनाना शामिल है.
इसके अलावा बच्चों के लिए पीने के साफ पानी की व्यवस्था, नया फर्नीचर और दूसरी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं. बच्चों की पढ़ाई को आधुनिक बनाने के लिए सभी पांच स्कूलों में डिजिटल लर्निंग पैनल भी लगाए गए हैं, जिससे छात्र तकनीक की मदद से बेहतर तरीके से सीख सकेंगे.
स्कूलों के पुनर्निर्माण के साथ-साथ बच्चों की जरूरतों का भी ध्यान रखा गया. कार्यक्रम के दौरान छात्रों को स्कूल बैग, स्टेशनरी और पढ़ाई से जुड़ी अन्य जरूरी सामग्री वाली स्कूल किट वितरित की गई.
इन किटों के लिए स्वराज ट्रैक्टर्स के कर्मचारियों ने अपनी इच्छा से योगदान दिया था. यह कंपनी के कर्मचारियों की सामाजिक जिम्मेदारी पहल का हिस्सा था.
स्कूलों को पंजाब सरकार के शिक्षा विभाग को सौंपने का कार्यक्रम अमृतसर जिले के अजनाला क्षेत्र के माछीवाला गांव स्थित सरकारी प्राथमिक स्कूल में आयोजित किया गया. इस दौरान अमृतसर के जिला शिक्षा अधिकारी कनवलजीत सिंह, महिंद्रा ग्रुप, स्वराज ट्रैक्टर्स, एसएमएल महिंद्रा के अधिकारी, एनजीओ पार्टनर मानव विकास संस्थान के प्रतिनिधि, स्कूल प्रशासन, स्थानीय लोग और छात्र मौजूद रहे.
महिंद्रा ग्रुप की सीएसआर प्रमुख फरिदा बालसारा ने कहा कि यह पहल सिर्फ स्कूलों की इमारतों को ठीक करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य मुश्किल समय में समुदायों को मजबूत बनाना है. उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर माहौल मिलेगा, जिससे वे बिना किसी परेशानी के अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे.
उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की नींव होती है और इस तरह की पहल से बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने में मदद मिलती है.
स्वराज ट्रैक्टर्स और एसएमएल महिंद्रा का पंजाब से लंबे समय से जुड़ाव रहा है. दोनों कंपनियां राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों और वहां रहने वाले लोगों के विकास के लिए लगातार काम कर रही हैं.
बाढ़ प्रभावित स्कूलों का पुनर्निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इससे न सिर्फ बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि ग्रामीण इलाकों में शिक्षा और समुदाय की मजबूती को भी बढ़ावा मिलेगा.
ये भी पढ़ें:
KCC : केसीसी बना किसानों का ब्रह्मास्त्र , कर्ज़ से मिली मुक्ति, कमाई हुई डबल
Goat Care: अभी बकरियों को बहुत परेशान करेंगी ये तीन बीमारियां, ऐसे करें देखभाल
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today