अवैध आयात पर DRI का बड़ा एक्शन (सांकेतिक तस्वीर/एआई जनरेटेड)पाकिस्तान से आने वाले प्रतिबंधित सामान की अवैध एंट्री रोकने के अभियान के तहत राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने बड़ी कार्रवाई की है. एजेंसी ने कांडला बंदरगाह पर 13 कंटेनरों से 364 मीट्रिक टन पाकिस्तान मूल के सूखे खजूर जब्त किए हैं. इस खेप की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई गई है. जांच में सामने आया कि सामान को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) का बताकर भारत भेजा गया था, जबकि उसका वास्तविक मूल पाकिस्तान था.
DRI ने कहा कि खुफिया सूचना के आधार पर कंटेनरों की जांच की गई. जांच में पता चला कि सूखे खजूर पहले पाकिस्तान से दुबई भेजे गए. वहां कंटेनरों को बदलने के बाद उन्हें UAE मूल का घोषित कर भारत निर्यात किया गया. आयात से जुड़े दस्तावेजों में मूल देश की गलत जानकारी देकर प्रतिबंध से बचने की कोशिश की गई थी. इसके बाद पूरी खेप को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया.
शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि आयातकों ने जानबूझकर महत्वपूर्ण तथ्य छिपाए और माल के मूल देश को गलत दिखाया. इस तरीके का इस्तेमाल भारत में पाकिस्तान मूल के प्रतिबंधित सामान की एंट्री कराने के लिए किया गया. मामले की आगे की जांच जारी है.
इससे पहले, DRI ने तूतीकोरिन बंदरगाह पर लगभग 14 मीट्रिक टन गुग्गुल रेजिन की खेप पकड़ी थी, जिसकी कीमत करीब 1.4 करोड़ रुपये गआंकी गई थी. उस खेप को सोमालिया मूल का प्राकृतिक रेजिन बताकर दुबई के रास्ते भारत लाया जा रहा था. जांच में पुष्टि हुई कि वह पाकिस्तान मूल की गुग्गुल रेजिन थी और फर्जी दस्तावेजों के जरिए ट्रांस-शिपमेंट किया गया था. इस मामले में साजिश से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है.
DRI ने बताया कि गुग्गुल रेजिन (Commiphora resin) भारत और पाकिस्तान के शुष्क क्षेत्रों में पाई जाने वाली प्रजाति से हासिल होती है. यह CITES के परिशिष्ट-II में लिस्टेड है और IUCN रेड लिस्ट में इसे अत्यंत संकटग्रस्त (Critically Endangered) कैटेगरी में रखा गया है. ऐसे उत्पादों के व्यापार पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष निगरानी रखी जाती है.
मालूम हो कि विदेश व्यापार नीति, 2023 में संशोधन के तहत महानिदेशालय विदेश व्यापार (DGFT) की 2 मई 2025 की अधिसूचना के बाद पाकिस्तान से सीधे या किसी तीसरे देश के माध्यम से आने वाले सभी सामान के आयात और ट्रांजिट पर प्रतिबंध लागू है. DRI की जांच में सामने आया कि सूखे खजूर और गुग्गुल रेजिन, दोनों मामलों में इस प्रतिबंध का उल्लंघन किया गया.
DRI ने कहा कि हाल की कार्रवाई पर कहा कि सीमा शुल्क धोखाधड़ी, तस्करी और अंतरराष्ट्रीय अवैध व्यापार से जुड़े संगठित नेटवर्क पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. एजेंसी ने साफ किया कि ऐसे मामलों में जांच आगे भी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today