झारखंड से दुबई पहुंची आम्रपाली आम की खेपझारखंड से आम्रपाली आम को पहली बार बड़े पैमाने पर दुबई के रिटेल बाजार तक पहुंचाने में बड़ी सफलता मिली है. कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) ने 3 जुलाई 2026 को झारखंड के गुमला और देवघर जिलों से 2 मीट्रिक टन आम्रपाल आम का व्यावसायिक निर्यात दुबई के लिए कराया. यह खेप मेसर्स फेयर एक्सपोर्ट्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से भेजी गई, जहां इसे लुलु स्टोर्स में बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाएगा. इस पहल का उद्देश्य महिला किसानों और जनजातीय उत्पादकों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ना है. इस खेप के लिए महिला किसान उत्पादक कंपनियों को घरेलू बाजार से कहीं अधिक दाम दिया गया.
निर्यात की गई खेप में शामिल एक मीट्रिक टन आम गुमला जिले की APEDA पंजीकृत एमवीएम बाघीमा पलकोट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड और राइडीह एग्री प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड से खरीदा गया. वहीं, दूसरा एक मीट्रिक टन आम देवघर जिले की मोहनपुर आजीविका महिला किसान प्रोड्यूसर सोसायटी से लिया गया. इन बागों का विकास झारखंड सरकार की बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत मनरेगा के समन्वय से जनजातीय महिला किसानों द्वारा किया गया है.
इस निर्यात से जुड़ी महिला किसान उत्पादक कंपनियों के सदस्यों को स्थानीय बाजार की तुलना में करीब 180 प्रतिशत अधिक मूल्य मिला है. इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ निर्यात आधारित बागवानी को भी प्रोत्साहन मिला है. इन तीनों महिला किसान उत्पादक कंपनियों में 1,500 से अधिक शेयरधारक हैं और सामूहिक रूप से ये 50 हजार से ज्यादा किसानों का प्रतिनिधित्व करती हैं. ऐसे में इस पहल का लाभ बड़ी संख्या में किसानों तक पहुंचने की उम्मीद है.
आम की खेप को संबंधित जिलों के उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, APEDA, झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन सोसायटी (JSLPS) और अन्य विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में रवाना किया गया. अधिकारियों ने इसे महिला किसान समूहों, जिला प्रशासन, राज्य सरकार, निर्यातकों और APEDA के संयुक्त प्रयास का परिणाम बताया, जिससे ग्रामीण उत्पादकों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का रास्ता मजबूत हुआ है.
APEDA ने मई 2026 में गुमला जिले के पलकोट क्षेत्र में आठ किसान उत्पादक कंपनियों के सदस्यों और निदेशक मंडल के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया था. इसमें अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों, फसल कटाई के बाद प्रबंधन, पैकिंग और निर्यात प्रक्रिया की जानकारी दी गई. इस प्रशिक्षण में कृषि, उद्यानिकी, जिला उद्योग केंद्र, JSLPS और अन्य विभागों के अधिकारी भी शामिल हुए.
मोदी सरकार के प्रयासों से लगातार स्थानीय कृषि उत्पाद अब विदेशों में अपनी पहचान स्थापित करते जा रहे हैं।@APEDADOC के सहयोग से जनजातीय महिला किसानों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से झारखंड स्थित गुमला तथा देवघर जैसे आकांक्षी जिलों और ब्लॉकों के आम्रपाली आम अब दुबई के बाजारों में… pic.twitter.com/A0eGSlEI7t
— Piyush Goyal (@PiyushGoyal) July 7, 2026
APEDA के कोलकाता क्षेत्रीय कार्यालय ने 19 सितंबर 2025 को देवघर जिले के देवीपुर प्रखंड के बसवरिया गांव में महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के लिए निर्यात उन्मुख क्षमता विकास कार्यक्रम आयोजित किया था. इसमें करीब 105 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया.
कार्यक्रम के दौरान APEDA की वित्तीय सहायता योजना, कृषि उत्पादों के निर्यात की प्रक्रिया, वैश्विक बाजार के अवसर और संस्थागत सहयोग की जानकारी दी गई. APEDA का कहना है कि ऐसे प्रयासों से झारखंड के बागवानी उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिल रही है और महिला किसान समूहों की भागीदारी भी लगातार मजबूत हो रही है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today