चीनी पर इंपोर्ट ड्यूटी हटा या घटा सकती है सरकारसरकार घरेलू बाजार में चीनी की रिकॉर्ड-तोड़ कीमतों को काबू में करने के लिए चीनी पर लगने वाली 100% इंपोर्ट ड्यूटी को कम करने या पूरी तरह खत्म करने पर विचार कर रही है. मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के अनुसार, अधिकारी लोकल सप्लाई बढ़ाने के लिए बाहर से आने वाली चीनी पर लगने वाले 100% टैक्स को कम करने या खत्म करने के प्रस्तावों पर विचार कर रहे हैं. यह विचार-विमर्श त्योहारों के मौसम में मांग में संभावित बढ़ोतरी से ठीक पहले हो रहा है, जिससे बढ़ती कीमतों पर काबू पाने का प्रयास और बढ़ गया है.
दुनिया में चीनी की सबसे ज्यादा खपत करने वाले देश भारत के इंपोर्ट से लंदन और न्यूयॉर्क में बेंचमार्क कीमतों को सहारा मिल सकता है. साथ ही, इससे भारत को अगस्त से नवंबर के त्योहारों के मौसम में, जब मांग बढ़ती है, घरेलू कीमतों को काबू में रखने में मदद मिल सकती है.
सरकारी नियमों का हवाला देते हुए नाम न बताने की शर्त पर एक सरकारी सूत्र ने 'रॉयटर्स' से कहा, "चूंकि कीमतों में पूरी तरह से गैर-जरूरी बढ़ोतरी हुई है, इसलिए हमें कीमतों को रोकने के लिए कदम उठाने होंगे और हम कई तरह के उपायों और तरीकों पर विचार कर रहे हैं." उन्होंने कहा कि जिन उपायों पर चर्चा हो रही है, उनमें स्टॉक रखने की सीमा कम करना, सीमित इंपोर्ट की इजाजत देना, इंपोर्ट ड्यूटी में कटौती करना और मिलों द्वारा घरेलू बिक्री के लिए चीनी के मासिक आवंटन में बदलाव करना शामिल है.
पश्चिमी राज्य महाराष्ट्र के एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र कोल्हापुर में चीनी की थोक कीमतें अगस्त की शुरुआत से लगभग 20% बढ़कर 100 किलो के लिए रिकॉर्ड 5,350 रुपये ($56) हो गई हैं. एक दूसरे सरकारी सूत्र ने कहा कि यह बढ़ोतरी तब हुई है जब अगले सीजन की नई चीनी बाजार में आने तक घरेलू मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त सप्लाई मौजूद है.
बॉम्बे शुगर मर्चेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक जैन ने कहा, "स्थानीय सप्लाई कम है. त्योहारों के मौसम में केवल इंपोर्ट ही सप्लाई बढ़ाने और कीमतें कम करने में मदद कर सकता है."
भारत में चीनी की मांग आमतौर पर अगस्त से नवंबर के बीच बढ़ती है, जब गणेश चतुर्थी, दशहरा और दिवाली जैसे बड़े त्योहार मनाए जाते हैं और पारंपरिक मिठाइयों और कन्फेक्शनरी की खपत बढ़ जाती है. पिछले हफ्ते रॉयटर्स ने खबर दी थी कि भारत अक्टूबर से शुरू होने वाले सीजन में इथेनॉल बनाने में इस्तेमाल होने वाले गन्ने की मात्रा को सीमित करने पर विचार कर रहा है ताकि चीनी का उत्पादन बढ़ाया जा सके और ऊंची कीमतों को काबू में किया जा सके.
मुंबई स्थित एक ग्लोबल ट्रेडिंग हाउस के डीलर ने कहा कि सरकार मिलों से अक्टूबर के अंत से पहले 10 लाख मीट्रिक टन चीनी बिना ड्यूटी के इंपोर्ट करने के लिए कह सकती है, क्योंकि नवंबर तक नए सीजन की सप्लाई आनी शुरू हो जाएगी जब गन्ने की पेराई तेज हो जाएगी. डीलर ने अपना नाम बताने से इनकार कर दिया क्योंकि उन्हें मीडिया से बात करने की इजाजत नहीं थी.
डीलर ने कहा, "मिलें केवल कच्ची चीनी (रॉ शुगर) इंपोर्ट करने की कोशिश करेंगी, क्योंकि सफेद चीनी की कीमतें बहुत ज्यादा हैं और सफेद चीनी इंपोर्ट करने में शायद ही कोई मार्जिन है." भारत में कुछ ही ऐसी चीनी रिफाइनरियां हैं जो बंदरगाह के पास स्थित हैं और उन्हें बिना किसी टैक्स के कच्ची चीनी (raw sugar) आयात करने की इजाजत है, लेकिन शर्त यह है कि उन्हें उतनी ही मात्रा में रिफाइंड चीनी का निर्यात करना होगा.
नई दिल्ली के एक डीलर ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि सरकार इन रिफाइनरियों से अपने स्टॉक का कुछ हिस्सा घरेलू बाजार में भेजने के लिए भी कह सकती है, जिससे स्थानीय स्तर पर लगभग 3,00,000 टन चीनी उपलब्ध हो सकती है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today