उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक बार फिर साफ किया है कि प्रदेश में कहीं भी उर्वरकों की दिक्कत या कमी नहीं है. किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है. सरकार ने खाद के अनावश्यक भंडारण न करने की अपील की है. कृषि विभाग ने सभी 18 मंडलों में खाद की उपलब्धता व बिक्री की जानकारी दी. खरीफ सत्र 2024 में इस अवधि (18 अगस्त) तक 36.76 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की बिक्री हुई थी, वहीं इस वर्ष अब तक 42.64 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की बिक्री की जा चुकी है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों से अपील की है कि खाद का भंडारण न करें. जितनी आवश्यकता है, उतना खाद लें, जब-जब आवश्यकता है, तब-तब खाद लें. हर जनपद में शिकायत प्रकोष्ठ है. किसी भी परेशानी की स्थिति में अवगत कराएं. मुख्यमंत्री ने उर्वरक की ओवररेटिंग, कालाबाजारी करने वालों को कड़ी चेतावनी भी दी है. उन्होंने जनपद में तैनात अधिकारियों को समय-समय पर निरीक्षण करने, किसानों से संवाद स्थापित करने और समस्याओं का निस्तारण करने का निर्देश दिया है. कृषि विभाग ने बताया कि प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं है.
खरीफ फसलों की बुवाई का काम पूरा हो गया है. मुख्य फसल धान में टॉप-ड्रेसिंग के लिए प्रतिदिन औसतन 49564 मी.टन यूरिया की खपत/बिक्री हो रही है. पिछले साल की तुलना में इस साल 16.04% (4.37 लाख मी.टन) अधिक यूरिया उर्वरक की बिक्री हुई है.
मंडल | यूरिया | डीएपी | एनपीके |
सहारनपुर | 18734 | 4577 | 3075 |
मेरठ | 39089 | 17195 | 8858 |
आगरा | 43824 | 28329 | 21502 |
अलीगढ़ | 29597 | 18377 | 16464 |
बरेली | 41610 | 20790 | 28159 |
मुरादाबाद | 46450 | 18159 | 27402 |
कानपुर | 52100 | 41168 | 30301 |
प्रयागराज | 57212 | 21286 | 25580 |
झांसी | 28267 | 27164 | 16506 |
चित्रकूट | 25650 | 9110 | 3975 |
वाराणसी | 43294 | 27689 | 14627 |
मीरजापुर | 13626 | 7840 | 3804 |
आजमगढ़ | 34184 | 24481 | 9070 |
गोरखपुर | 34126 | 25756 | 15755 |
बस्ती | 12306 | 10439 | 4611 |
देवीपाटन | 17955 | 18681 | 9017 |
लखनऊ | 41066 | 37964 | 36736 |
अयोध्या | 28960 | 27997 | 25250 |
कुल- | 608049 | 387003 | 300693 |
*नोटः यह आंकड़े खऱीफ सत्र 2025 में 18 अगस्त तक के हैं. यह मात्रा मीट्रिक टन में है.
ये भी पढ़ें-
फसल बेचने का झंझट खत्म, बिहार की 20 मंडी जुड़ेंगी ई-नाम से, किसान सीधे पाएंगे बेहतर बाजार
MP में इस खरीफ सीजन में क्याें बढ़ी यूरिया की डिमांड? सीएम ने नई खेप पर दिया बड़ा अपडेट
Copyright©2025 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today