किसानों को मोबाइल से मिट्टी की पता चलेगी रिपोर्ट, फसल में कितनी डालनी है खाद, सब बताएगा ICAR का ये ऐप

किसानों को मोबाइल से मिट्टी की पता चलेगी रिपोर्ट, फसल में कितनी डालनी है खाद, सब बताएगा ICAR का ये ऐप

मध्य प्रदेश के किसानों के लिए ICAR-भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान, भोपाल ने e-FARM ऐप विकसित किया है. इसकी मदद से किसान खेत की फोटो अपलोड कर मिट्टी में मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी और फसल के हिसाब से खाद की सिफारिश प्राप्त कर सकते हैं. जानिए कैसे काम करती है यह तकनीक...

Advertisement
किसानों को मोबाइल से मिट्टी की पता चलेगी रिपोर्ट, फसल में कितनी डालनी है खाद, सब बताएगा ICAR का ये ऐपमोबाइप से पता चलेगी खाद की जरूरत (AI Image)

खेती में खाद का इस्तेमाल अक्सर मिट्टी की जरूरत के बजाय पुराने अनुभव और दूसरे किसानों को देखकर किया जाता है. कई बार किसान जरूरत से ज्यादा यूरिया, डीएपी और दूसरी खाद डाल देते हैं. इससे खेती की लागत बढ़ती है और मिट्टी की सेहत भी प्रभावित हो सकती है. लेकिन अगर किसानों को अपने मोबाइल पर ही यह जानकारी मिलने लगे कि खेत की मिट्टी में कौन सा पोषक तत्व कितना है और फसल के लिए कितनी खाद डालनी चाहिए तो उर्वरकों का इस्तेमाल ज्यादा वैज्ञानिक तरीके से किया जा सकता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 नवंबर को किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 में भी मोबाइल डिवाइस से मिट्टी की जांच और जरूरत के हिसाब से खाद इस्तेमाल करने वाली तकनीक अपनाने की बात कही थी. मध्य प्रदेश में किसानों के लिए ऐसी ही एक डिजिटल पहल ICAR-भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान (IISS), भोपाल ने की है. संस्थान ने e-FARM मोबाइल ऐप विकसित किया है, जिसे 11 अप्रैल 2026 को रायसेन में आयोजित तीन दिवसीय उन्नत कृषि महोत्सव में लॉन्च किया गया था. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस ऐप की जानकारी देते हुए बताया था कि किसान स्मार्टफोन लेकर अपने खेत में चलेंगे तो उन्हें मिट्टी में मौजूद पोषक तत्वों और फसल के लिए जरूरी खाद की मात्रा की जानकारी मिल सकेगी.

क्या है e-FARM ऐप और कैसे करता है काम?

e-FARM का पूरा नाम Fertilizer Advisory and Resource Management System है. इसे ICAR-भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान, भोपाल ने विकसित किया है. इसका उद्देश्य किसानों को खेत की मिट्टी की स्थिति और फसल की जरूरत के मुताबिक खाद इस्तेमाल करने की सलाह देना है.

यह प्रणाली मिट्टी में मौजूद नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, पोटाश और ऑर्गेनिक कार्बन जैसे तत्वों की जानकारी के आधार पर उर्वरक प्रबंधन की सिफारिश करती है. इसमें किसान को यह समझने में मदद मिलती है कि उसकी मिट्टी में किस पोषक तत्व की कमी है और फसल के लिए कितनी मात्रा में खाद की जरूरत होगी.

इसकी खासियत यह है कि किसान स्मार्टफोन के जरिए खेत में ही मिट्टी की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. शिवराज सिंह चौहान ने रायसेन में ऐप लॉन्च करते हुए बताया था कि किसान खेत में चलते हुए मोबाइल से मिट्टी के पोषक तत्वों की स्थिति और खाद की सही मात्रा जान सकेंगे. इस तरह उन्हें खाद डालने के लिए दूसरे किसानों की नकल करने या अंदाज लगाने की जरूरत नहीं होगी.

खेत की फोटो लेकर कैसे मिलेगी मिट्टी की जानकारी?

इस ऐप को लॉन्च करते समय किसानों के लिए मोबाइल आधारित मिट्टी जांच की सुविधा पर जोर दिया गया था. इसके तहत किसान अपने खेत में स्मार्टफोन लेकर जा सकते हैं और ऐप के जरिए मिट्टी की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. ऐप में खेत की फोटो अपलोड करने की सुविधा है. इसके बाद मिट्टी के पोषक तत्वों की जानकारी और फसल के अनुसार खाद की सिफारिश समझी जा सकती है. इसके पीछे मिट्टी की वैज्ञानिक जांच, जियो-रेफरेंस्ड डेटा और डिजिटल सॉइल मैपिंग की भूमिका है. यही आंकड़े मिट्टी की स्थिति समझने और खाद की सिफारिश तैयार करने में मदद करते हैं.

क्या है डिजिटल सॉइल मैपिंग?

e-FARM की तकनीकी व्यवस्था में Digital Soil Mapping यानी डिजिटल सॉइल मैपिंग की अहम भूमिका है. आसान भाषा में समझें तो यह खेत की मिट्टी का डिजिटल नक्शा तैयार करने की प्रक्रिया है. इसमें मिट्टी के नमूनों की वैज्ञानिक जांच की जाती है और उनके स्थान की जानकारी भी दर्ज की जाती है. इससे खेत के अलग-अलग हिस्सों में मिट्टी की स्थिति और पोषक तत्वों की उपलब्धता का पता लगाने में मदद मिलती है.

उदाहरण के लिए, किसी किसान के खेत के एक हिस्से में नाइट्रोजन पर्याप्त मात्रा में हो सकती है, जबकि दूसरे हिस्से में इसकी कमी हो सकती है. इसी तरह फॉस्फोरस और पोटाश की मात्रा भी अलग-अलग हो सकती है. ऐसे में पूरे खेत में एक जैसी खाद डालना जरूरी नहीं है. डिजिटल सॉइल मैपिंग से मिट्टी की इस विविधता को समझने और खेत की जरूरत के मुताबिक उर्वरक प्रबंधन की योजना बनाने में मदद मिलती है.

किन फसलों के लिए खाद की सिफारिश देता है e-FARM?

ICAR ने ऐप लॉन्च करते समय मध्य प्रदेश के किसानों के लिए पांच प्रमुख फसलों का उल्लेख किया था.

सोयाबीन
मक्का
धान
गेहूं
चना

इसकी तकनीकी व्यवस्था Precision Fertilizer Recommendation System (PFRS) पर आधारित है. इसमें मिट्टी की जांच से मिले आंकड़ों, फसल और अपेक्षित उपज को ध्यान में रखकर उर्वरक की मात्रा तय करने में मदद मिलती है.

ICAR ने मक्का की फसल में किया परीक्षण

ICAR-भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान ने e-FARM की उपयोगिता जांचने के लिए अपने अनुसंधान फार्म में मक्का की फसल पर फील्ड वैलिडेशन किया. इसके तहत तीन अलग-अलग स्थानों पर प्रति हेक्टेयर 5,000 किलोग्राम उपज का लक्ष्य रखा गया था.परीक्षण में पहले स्थान पर 4,800 किलोग्राम, दूसरे स्थान पर 4,400 किलोग्राम और तीसरे स्थान पर 5,400 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर उत्पादन मिला.

तीनों स्थानों की औसत उपज 4,867 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर रही. इस तरह निर्धारित उत्पादन लक्ष्य का 97.3 फीसदी हासिल हुआ. यह परीक्षण बताता है कि मिट्टी की जांच और फसल की जरूरत के आधार पर तैयार उर्वरक सिफारिशों से निर्धारित उपज के लक्ष्य के करीब पहुंचने में मदद मिल सकती है. 

किसानों को e-FARM से क्या फायदा होगा?

  • खाद पर खर्च कम होगा
  • मिट्टी को संतुलित पोषण मिलेगा
  • पैदावार सुधारने में मदद मिलेगी
  • खाद की बर्बादी कम होगी
  • वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा मिलेगा

कहां मिलेगा e-FARM ऐप?

ICAR-भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान, भोपाल की आधिकारिक वेबसाइट पर e-FARM की जानकारी, ऐप डाउनलोड करने का विकल्प और ऑनलाइन पोर्टल उपलब्ध है. आधिकारिक वेबसाइट: [https://iiss.res.in/efarms.php](https://iiss.res.in/efarms.php)

मध्य प्रदेश में सोयाबीन, गेहूं, मक्का, धान और चना की खेती करने वाले किसानों के लिए e-FARM खाद के इस्तेमाल को वैज्ञानिक और जरूरत आधारित बनाने की दिशा में एक डिजिटल पहल है. इसका मकसद है कि किसान खेत की मिट्टी की जरूरत समझें, उसी हिसाब से खाद डालें और अनावश्यक खर्च से बच सकें.

POST A COMMENT