खेती से कारोबार तक का सफर: किसी ने अचार से कमाए करोड़ों, तो किसी ने मछली पालन में बनाई पहचान

खेती से कारोबार तक का सफर: किसी ने अचार से कमाए करोड़ों, तो किसी ने मछली पालन में बनाई पहचान

भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 में तीन किसानों और कृषि उद्यमियों की सफलता की कहानियां सामने आईं. कृष्णा यादव ने 500 रुपये से अचार का कारोबार शुरू कर 5 करोड़ रुपये से अधिक का टर्नओवर वाला ब्रांड बनाया. सुल्तान सिंह ने पांच एकड़ से मछली पालन का काम शुरू कर इसे 300 एकड़ तक पहुंचाया.

Advertisement
खेती से कारोबार तक का सफर: किसी ने अचार से कमाए करोड़ों, तो किसी ने मछली पालन में बनाई पहचानकिसानों ने साझा की अपनी सफलता की कहानी

खेती-किसानी में नए प्रयोग और सूझबूझ कैसे आम लोगों की जिंदगी बदल सकते हैं, इसकी मिसाल तीन सफल उद्यमियों की कहानियों में देखने को मिलती है. किसी ने महज 500 रुपये से अचार बनाने का काम शुरू किया और आज करोड़ों का कारोबार खड़ा कर दिया. किसी ने पांच एकड़ जमीन से मछली पालन का सफर शुरू कर इसे 300 एकड़ तक पहुंचाया. वहीं, एक किसान ने आलू की खेती में खाद के नए विकल्प अपनाकर उत्पादन बढ़ाने का दावा किया. इंडिया टुडे ग्रुप के 'भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026' में इन उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि खेती में बदलाव अपनाकर आमदनी के नए रास्ते कैसे खोले जा सकते हैं.

कृ‍ष्‍णा यादव का 250 से ज्यादा उत्पादों का ब्रांड

कारोबार की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के लिए हमेशा बड़ी पूंजी की जरूरत नहीं होती. हरियाणा की कृषि उद्यमी कृष्णा यादव ने सीमित संसाधनों के बावजूद ऐसा ही उदाहरण पेश किया है. कभी परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए सड़क किनारे सब्जियां बेचने वाली कृष्णा यादव आज 'श्री कृष्णा पिकल्स' ब्रांड के जरिए अचार, चटनी और मुरब्बे समेत 250 से ज्यादा उत्पाद तैयार कर रही हैं. उनके कारोबार का सालाना टर्नओवर पांच करोड़ रुपये से अधिक बताया गया है.

आर्थिक तंगी ने दिखाई नई राह

कृष्णा यादव ने बताया कि शादी के बाद वह घर और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही थीं. उनके पति नौकरी करते थे, लेकिन बच्चों की पढ़ाई और घर के खर्च पूरे करना मुश्किल हो रहा था. पति ने अपना कारोबार शुरू करने के लिए गाड़ी खरीदी, लेकिन इस फैसले में परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. बच्चों के भविष्य की चिंता ने कृष्णा यादव को खुद कमाई का रास्ता तलाशने के लिए प्रेरित किया.

कम कीमत से आया अचार बनाने का विचार

पति के दिल्ली आने के बाद परिवार ने बटाई पर जमीन लेकर सब्जियों की खेती शुरू की. हालांकि, मंडी में उपज के अच्छे दाम नहीं मिलते थे. कई बार मेहनत से तैयार सब्जियां कम कीमत पर बेचनी पड़ती थीं. इसी समस्या ने कृष्णा यादव को फसल का मूल्य संवर्धन करने के बारे में सोचने पर मजबूर किया. उन्हें अपनी दादी के हाथों से बने गाजर, गोभी और दूसरी सब्जियों के अचार याद आए. उन्होंने तय किया कि खेत में उगने वाली सब्जियों से अचार तैयार कर बाजार में बेचा जाए.

कृषि विज्ञान केंद्र से ली ट्रेनिंग

शुरुआती दौर में घर पर अचार बनाने की कोशिश की, लेकिन मनचाहा नतीजा नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्र से अचार बनाने और फल-सब्जियों के प्रसंस्करण की ट्रेनिंग ली. प्रशिक्षण के बाद करीब पांच किलो अचार से कारोबार की शुरुआत की. साल 2002 में शुरू हुआ यह काम धीरे-धीरे आगे बढ़ा और उन्होंने अपने उत्पादों को 'श्री कृष्णा पिकल्स' नाम दिया.

आज इस ब्रांड के तहत 250 से अधिक तरह के खाद्य उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं. कृष्णा यादव ने अपने कारोबार के साथ गांव की दूसरी महिलाओं को भी जोड़ा है. इससे उन्हें रोजगार और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला. महिला उद्यमिता में उनके योगदान के लिए उन्हें नारी शक्ति पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है.

5 से 300 एकड़ तक पहुंचा मछली पालन का कारोबार

हरियाणा के करनाल के सुल्तान सिंह ने मछली पालन को कारोबार का बड़ा माध्यम बनाया. उन्होंने उस दौर में इस क्षेत्र में कदम रखा, जब उत्तर भारत में तालाबों और खेतों में व्यावसायिक मछली पालन का चलन सीमित था. साल 1982 में गांव के चार-पांच तालाब किराये पर लेकर उन्होंने शुरुआत की. उस समय अलग-अलग तालाबों का किराया 500 से 2,000 रुपये तक था. सुल्तान सिंह के मुताबिक, आज उन्हीं तालाबों की कीमत बढ़कर 50 से 60 लाख रुपये तक पहुंच चुकी है.

मछली पालन को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने साल 1983 में मछली के बीज तैयार करने यानी ब्रीडिंग का काम शुरू किया. इसके लिए उन्हें अपने पिता से पांच एकड़ जमीन की जरूरत थी. शुरुआत में पिता इसके लिए तैयार नहीं थे. उन्हें डर था कि तालाब बनाने के लिए खेत में खुदाई करने से जमीन खराब हो जाएगी और परिवार के बच्चों का भविष्य प्रभावित होगा. काफी समझाने के बाद सुल्तान सिंह को जमीन मिली और उन्होंने इस पर अपना काम शुरू किया.

14 प्रजातियों के मछली बीज की सप्लाई

सुल्तान सिंह के मुताबिक, आज उनका मछली पालन और बीज उत्पादन का काम करीब 300 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है. वह 14 तरह की मछलियों के बीज तैयार करते हैं और हरियाणा के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में उनकी सप्लाई करते हैं. उनके प्रयासों से करीब 300 से 400 लोग रोजगार और कारोबार से जुड़े हैं.

सुल्तान सिंह ने अपने कारोबार के अनुभव को दूसरे लोगों तक भी पहुंचाया है. वह अब तक देशभर के करीब 25 हजार लोगों को मछली पालन की ट्रेनिंग दे चुके हैं. इस क्षेत्र में उनके योगदान के लिए साल 2019 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था. उनकी पहल ने दिखाया कि खेती के साथ मछली पालन अपनाकर किसान अपनी आमदनी के नए स्रोत तैयार कर सकते हैं.

सतपाल सिंह ने आलू की खेती में बढ़ाया उत्पादन

उत्तर प्रदेश के संभल जिले के किसान सतपाल सिंह पिछले करीब 36 साल से आलू की खेती कर रहे हैं. लंबे समय तक वह डीएपी, एनपीके और यूरिया जैसे पारंपरिक उर्वरकों का इस्तेमाल करते रहे. हालांकि, बेहतर पैदावार हासिल करने के लिए उन्होंने खेती में इस्तेमाल होने वाले खाद के विकल्पों में बदलाव किया.

'भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026' में खेती के अनुभव साझा करते हुए सतपाल सिंह ने बताया कि करीब पांच साल पहले उन्होंने महाधन कंपनी के उर्वरकों का इस्तेमाल शुरू किया. इनमें 9:24:24 एनपीके और सुपर सल्फेट शामिल हैं. इन खादों को अपनाने के बाद आलू की फसल के उत्पादन और गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला.

प्रति बीघा 10 से 12 कट्टे ज्यादा उत्पादन

सतपाल सिंह का दावा है कि पहले की तुलना में अब उन्हें प्रति बीघा 10 से 12 कट्टे अधिक आलू मिल रहे हैं. इन उर्वरकों के इस्तेमाल से पौधों में लंबे समय तक हरियाली बनी रहती है और जमीन के अंदर आलू के कंदों की संख्या बढ़ती है. आलू का आकार और रंग भी बेहतर हुआ है, जिससे बाजार में अच्छी कीमत मिलने में मदद मिली है.

सतपाल सिंह ने बताया कि पहले इस्तेमाल किए जाने वाले कुछ उर्वरक खेत में ऊपर दिखाई देते थे, जबकि उनके अनुभव में महाधन के खाद मिट्टी में अच्छी तरह मिल जाते हैं. उनका मानना है कि उर्वरकों के सही इस्तेमाल और खेती में नए प्रयोगों से आलू की पैदावार और गुणवत्ता बेहतर की जा सकती है.

POST A COMMENT