Bharat Agriculture Conference: जब महिलाओं ने थामी ड्रोन की कमान, खेती के साथ बदली गांव के लोगों की सोच

Bharat Agriculture Conference: जब महिलाओं ने थामी ड्रोन की कमान, खेती के साथ बदली गांव के लोगों की सोच

नमो ड्रोन दीदी योजना ने ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता के नए रास्ते खोले हैं. भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 में अयोध्या की सबीना खातून, आगरा की रेखा देवी और करनाल की सीता देवी ने बताया कि कैसे ड्रोन तकनीक ने उनकी जिंदगी बदली. सबीना अब तक 80 महिलाओं को ट्रेनिंग दे चुकी हैं, जबकि सीता की ड्रोन सेवाएं पांच जिलों तक पहुंच गई हैं.

Advertisement
जब महिलाओं ने थामी ड्रोन की कमान, खेती के साथ बदली गांव के लोगों की सोचभारत एग्रीकल्‍चर कॉन्‍फ्रेंस में ड्रोन दीदियों ने बताई अपनी कहानी

Kisan Tak Bharat Agriculture Conference 2026: गांवों में खेती और घर के कामकाज तक सीमित समझी जाने वाली महिलाएं अब आधुनिक तकनीक के सहारे अपनी अलग पहचान बना रही हैं. कोई ड्रोन से खेतों में खाद और कीटनाशकों का छिड़काव कर रही है, तो कोई दूसरी महिलाओं को इसका प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बना रही है. शुरुआत में इन महिलाओं को ताने सुनने पड़े और उनकी क्षमता पर सवाल उठे, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी. ड्रोन उनके लिए कमाई और सम्मान का जरिया बना है. दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया टुडे ग्रुप के 'भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026' में महिला किसानों ने अपनी कहानियां साझा कीं. आयोजन के दूसरे दिन 12 नवंबर को 'आधी आबादी की कृषि क्रांति: ड्रोन और लखपति दीदियां' सत्र में अयोध्या की सबीना खातून, करनाल की सीता देवी और आगरा की रेखा देवी ने अपने अनुभव बताए. अंबेडकर नगर की कांति देवी कार्यक्रम में नहीं पहुंच सकीं, लेकिन उनकी प्राकृतिक खेती से जुड़ी पहल का जिक्र किया गया.

ड्रोन पायलट के साथ अब ट्रेनर भी हैं सबीना

अयोध्या की सबीना खातून ने बताया कि नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत प्रशिक्षण की जानकारी मिलने पर उन्हें नया कौशल सीखने की उत्सुकता हुई. खेती में इस्तेमाल होने वाले ड्रोन से पहले उनका परिचय शादी-ब्याह और फिल्मों में वीडियो बनाने वाले कैमरे तक ही था. बिहार के मोतिहारी में ड्रोनर एविएशन के प्रशिक्षकों ने पहले कंप्यूटर पर तकनीक समझाई और फिर मैदान में उड़ाने का अभ्यास कराया. 

पहली बार रिमोट हाथ में आने पर उन्हें खुद पर गर्व महसूस हुआ. उन्होंने कहा, 'कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना. मैंने इस बात को अपने मन में रखा और आगे बढ़ती रही. मेरे अंदर कुछ करने और सीखने का जज्बा था, जिसने मेरे डर को खत्म कर दिया.' अब लोग उन्हें सबीना खातून के साथ-साथ सबीना दीदी या ड्रोन दीदी के नाम से भी जानते हैं. वह अब तक करीब 80 महिला किसानों को ड्रोन चलाने का प्रशिक्षण दे चुकी हैं.

खुद पर भरोसा रखें और लक्ष्य तय करें: सबीना

सबीना खातून ने महिला किसानों को आगे बढ़ने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि जीवन में दो बातें बहुत जरूरी हैं- खुद पर विश्वास और एक लक्ष्य. अगर लक्ष्य तय है और खुद पर भरोसा है, तो मेहनत के दम पर कामयाबी हासिल की जा सकती है. उन्होंने कहा कि कोई भी महिला किसी से कम नहीं है. उसे सिर्फ मौका और आगे बढ़ने का हौसला चाहिए.  सबीना ने महिलाओं से अपील की कि वे दूसरों की बातों से खुद को कमजोर न समझें और अपने लक्ष्य पर ध्यान दें.

रेखा देवी ने तानों का जवाब काम से दिया

आगरा की रेखा देवी ने बताया कि तीन महीने का प्रशिक्षण लेकर गांव लौटने पर लोगों ने उनका मजाक उड़ाया. कुछ का कहना था कि ड्रोन उड़ाना महिलाओं के बस की बात नहीं है. रेखा ने किसानों को खेत में ड्रोन से छिड़काव करके इसका जवाब दिया.

एक किसान ने उनसे पूछा कि जब किसान खुद छिड़काव कर सकते हैं, तो ड्रोन की क्या जरूरत है. रेखा ने किसान से एक बार ड्रोन से छिड़काव देखने को कहा और भरोसा दिलाया कि काम पसंद नहीं आया तो पैसे नहीं लेंगी. छिड़काव देखने के बाद किसान का नजरिया बदल गया.

पुरुषों की सोच पर तंज कसते हुए रेखा ने कहा, 'आपके पास तो धरती पर चलने के लिए टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर का लाइसेंस है, लेकिन मेरे पास हवा में उड़ने का लाइसेंस है. मेरे गांव और जिले में किसी के पास ऐसा लाइसेंस नहीं है. मैं जमीन पर नहीं चलती, हवा में उड़ती हूं. इसीलिए मैं नमो ड्रोन दीदी हूं.'

उन्होंने बताया कि ड्रोन से छिड़काव करने पर किसानों का समय और पानी बचता है. अब वह गांव की दूसरी महिलाओं को भी ड्रोन की बुनियादी जानकारी और इसे चलाने का प्रशिक्षण दे रही हैं.

तीन साल के बेटे को छोड़कर ट्रेनिंग के लिए हैदराबाद गईं रेखा

ड्रोन पायलट बनने के लिए रेखा को हैदराबाद जाना पड़ा. उस समय उनका बेटा सिर्फ तीन साल का था. बच्चे से दूर जाना मुश्किल था, लेकिन पति, माता-पिता और सास-ससुर ने उनका साथ दिया.

हैदराबाद में प्रशिक्षक अंग्रेजी में बात करते थे, जिसे समझने में रेखा को परेशानी हुई. इसके बावजूद उन्होंने इशारों और अपनी कोशिशों से प्रशिक्षण पूरा किया. उन्होंने कहा कि कई महिलाएं बेहतर काम कर सकती हैं, लेकिन परिवार और समाज के दबाव में आगे नहीं आ पातीं. उन्हें अवसर देने के लिए परिवार का सहयोग जरूरी है.

रेखा गांव के करीब 20 महिला समूहों से जुड़ी हैं और महिलाओं को ड्रोन की शुरुआती ट्रेनिंग दे रही हैं. उन्होंने कुछ महिलाओं को इतना प्रशिक्षित कर दिया है कि उनकी गैरमौजूदगी में भी वे ड्रोन से छिड़काव का काम संभाल सकती हैं.

सीता देवी की ड्रोन सेवाएं पांच जिलों तक पहुंचीं

करनाल की सीता देवी ने बताया कि योजना ने उनकी जिंदगी बदल दी. उन्होंने कहा कि पहले दिल्ली के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी, लेकिन आज वह राजधानी में मंच से अपनी बात रख रही हैं. गुरुग्राम में प्रशिक्षण के बाद उन्होंने किसानों के खेतों में छिड़काव की सेवाएं शुरू कीं.

अब वह ड्रोन से खाद, नैनो यूरिया और कीटनाशकों का छिड़काव करती हैं. उनकी सेवाएं पांच जिलों तक पहुंच चुकी हैं. उन्होंने कहा कि महिलाओं को ड्रोन से छिड़काव करते देखकर पुरुष किसानों का भरोसा बढ़ता है और साबित होता है कि महिलाएं तकनीक के इस्तेमाल में पीछे नहीं हैं. सीता देवी ने नमो ड्रोन दीदी योजना शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया.

कांति देवी महिला किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ रहीं

अंबेडकर नगर के रोशनगढ़ गांव की कांति देवी फ्लाइट में देरी के कारण सत्र में शामिल नहीं हो सकीं. मंच से बताया गया कि वह प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही हैं. उन्होंने रासायनिक खाद और कीटनाशकों के विकल्प के तौर पर जीवामृत, बीजामृत और गोबर-गोमूत्र से बने घोल का इस्तेमाल शुरू किया है. वह दूसरी महिला किसानों को भी प्राकृतिक खेती सिखाती हैं. उनके साथ 500 से ज्यादा महिला किसानों का समूह जुड़ा हुआ है.

POST A COMMENT