बैतूल में खाद गोदाम पर चोरों का धावा, रातोंरात ट्रक में 700 बोरी भरकर फरार हुए आरोपी

बैतूल में खाद गोदाम पर चोरों का धावा, रातोंरात ट्रक में 700 बोरी भरकर फरार हुए आरोपी

खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच बैतूल में खाद चोरी का बड़ा मामला सामने आया है. वेयरहाउस से करीब 700 बोरी उर्वरक गायब होने के बाद किसानों और प्रशासन में चिंता बढ़ गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
बैतूल में खाद गोदाम पर चोरों का धावा, रातोंरात ट्रक में 700 बोरी भरकर फरार हुए आरोपीगोदाम से 700 बोरी खाद चोरी

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में खाद चोरी का बड़ा मामला सामने आया है. जिले के आरटीओ कार्यालय के पास स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति जामठी के वेयरहाउस से करीब 700 बोरी खाद चोरी होने से हड़कंप मच गया है. चोरी की इस घटना ने उस समय किसानों की चिंता और बढ़ा दी है, जब उन्‍हें खरीफ की बुवाई के लिए खाद की जरूरत है. जानकारी के अनुसार, वेयरहाउस से 668 बोरी यूरिया, 32 बोरी पोटाश और 5 बोरी जिंक गायब पाई गई हैं. चोरी हुई खाद की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है. 

गोदाम का ताला तोड़कर खाद चोर ले गए आरोपी

बताया जाता है कि अज्ञात चोर रविवार रात ट्रक लेकर पहुंचे और सुनियोजित तरीके से गोदाम का ताला तोड़कर खाद की बोरियां लेकर फरार हो गए. घटना का खुलासा तब हुआ, जब सोमवार को किसानों को खाद वितरण के लिए वेयरहाउस खोला गया. गोदाम के ताले टूटे मिले और बड़ी मात्रा में खाद गायब थी. मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और मंगलवार देर रात अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली.

थाना प्रभारी ने बोले- आरोपियों को तलाश रहे

कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया ने बताया कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति जामठी के वेयरहाउस के ताले टूटे पाए गए थे और वहां से लगभग 700 बोरी खाद चोरी हुई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है. घटना के बाद वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं.

गोदाम में लाइट और सुरक्षा का बंदोबस्‍त नहीं

जानकारी के अनुसार, गोदाम में न तो पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था थी, न सुरक्षा गार्ड तैनात था और न ही सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे. ऐसे में हाईवे से कुछ ही दूरी पर स्थित गोदाम से इतनी बड़ी मात्रा में खाद चोरी होना प्रबंधन की लापरवाही की ओर भी इशारा कर रहा है.

खरीफ सीजन में किसानों की बढ़ेगी परेशानी!

एक तरफ खरीफ सीजन के लिए किसान खाद की आस में हैं और दूसरी तरफ इतनी बड़ी मात्रा में उर्वरक चोरी हो जाना प्रशासन और सहकारी समिति दोनों के लिए चिंता का विषय बन गया है. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और चोरी में शामिल लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.

POST A COMMENT