खाद-बीज की ज्यादा कीमत पर कार्यवाईमहाराष्ट्र राज्य प्याज उत्पादक किसान संघ ने राज्य के किसानों से खाद, बीज और खेती से जुड़ी अन्य जरूरी सामग्री खरीदते समय पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है. किसान संघ का कहना है कि हाल के दिनों में कई जिलों से ऐसी शिकायतें सामने आई हैं, जिनमें डीलरों द्वारा किसानों से अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) से ज्यादा कीमत वसूली जा रही है. किसान संघ ने अपने बयान में बताया कि उन्हें महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों से लगातार यह शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ दुकानदार और डीलर केमिकल खाद, बीज और कृषि से जुड़े अन्य उत्पादों को तय कीमत से अधिक दामों पर बेच रहे हैं. इस तरह की घटनाएं किसानों के हितों के खिलाफ हैं और इससे खेती की लागत भी बढ़ रही है.
किसानों को जागरूक करते हुए संघ ने कहा कि जब भी वे खाद या बीज खरीदें, तो सबसे पहले बैग या पैकेट पर छपी MRP जरूर जांचें. इसके साथ ही किसानों को सही बिल लेना चाहिए, जिसमें प्रोडक्ट का नाम, मात्रा, कीमत और डीलर का पूरा विवरण अच्छे से लिखा हो. संघ ने साफ कहा है कि किसी भी हालत में किसानों को MRP से ज्यादा कीमत नहीं देनी है.
इसके अलावा संघ ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर कोई डीलर किसानों को खाद के साथ अन्य अनावश्यक उत्पाद खरीदने के लिए मजबूर करता है, तो इसकी तुरंत शिकायत की जाए. किसानों को सलाह दी गई है कि वे ऐसी किसी भी गड़बड़ी के सबूत जैसे खाद के बैग की फोटो, बिल की कॉपी और दुकान की जानकारी सुरक्षित रखें. संघ ने यह भी कहा कि किसान इस तरह की शिकायतें कृषि विभाग और किसान संघ दोनों को भेज सकते हैं, ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके. संघ ने कहा है कि पारदर्शिता और निगरानी से ही इस तरह की गड़बड़ियों पर रोक लगाई जा सकती है.
संघ के संस्थापक-अध्यक्ष भरत दिघोले ने कहा कि किसानों का शोषण करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा हमारी प्राथमिकता है और जो भी MRP से ज्यादा कीमत वसूलेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को नजरअंदाज न करें. साथ ही उन्होंने कहा कि 'जागरूक किसान ही सुरक्षित किसान होते हैं', इसलिए किसानों को जानकारी और अधिकारों के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है. (PTI)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today