बिहार कृषि ऐप पर मिलेगी कई अहम जानकारीखरीफ सीजन आने वाला है. उसके पहले खादों को लेकर बिहार सरकार ने बड़ी पहल की है. इस पहल के अंतर्गत किसानों को घर बैठे खाद दुकानों और स्टॉक की जानकारी मिल सकेगी. इसके लिए सरकार ने डिजिटल तकनीक को बढ़ावा दिया है और बिहार कृषि ऐप तैयार किया है. किसान इस ऐप को अपने मोबाइल में डाउनलोड कर सकते हैं और खादों के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं. इस ऐप पर कृषि से जुड़े और भी कई तरह के फायदे मिल रहे हैं.
खरीफ सीजन में मुख्य तौर पर धान की खेती होती है जिसके लिए खाद बड़ी चुनौती साबित होती है. हर साल खाद दुकानों के बाहर लगने वाली भीड़ सुर्खियों में आती है और चारों ओर परेशानी का आलम दिखता है. इससे निजात दिलाने के लिए बिहार सरकार ने कृषि ऐप लॉन्च किया है जिसकी मदद से किसान खादों की पूरी जानकारी ले सकेंगे. उस जानकारी के आधार पर ही किसान खाद दुकानों पर जाएंगे जिससे अफरा-तफरा का माहौल नहीं बनेगा. किसान ऐप के माध्यम से खाद की बुकिंग भी कर सकते हैं.
इस ऐप पर किसान अपने नजदीकी खाद दुकान की तलाश कर सकते हैं. वे ऐप की मदद से अपने जिले और प्रखंड में मौजूद खाद दुकानों की जानकारी ले सकते हैं. इस जानकारी के आधार पर किसान खाद दुकान पर जाएंगे जिससे उनका समय बचेगा. दुकान पर लगने वाली भीड़ से भी छुटकारा मिलेगा. इतना ही नहीं, कृषि ऐप पर किसान अपने आसपास की उन दुकानों पर मौजूद खाद के स्टॉक के बारे में जान सकते हैं.
इस ऐप का एक बड़ा फायदा और है. खाद डीलर किसान को दुकान से लौटा नहीं सकते या खाद देने से मना नहीं कर सकते क्योंकि ऐप पर पूरी डिटेल पहले से मौजूद होगी. इससे खाद वितरण में होने वाली कालाबाजारी पर अंकुश लगेगा और जरूरतमंद किसानों को खाद मिल सकेगी. खाद से जुड़ी जानकारी पाने के लिए किसान एआई चैटबॉट का सहारा ले सकते हैं जिन्हें अपनी भाषा में जानकारी मिलेगी.
ऐप पर खेती से जुड़ी और भी सुविधाएं ली जा सकती हैं. फसलों के बारे में किसान चैटबॉट से पूछ सकते हैं और जानकारी ले सकते हैं. इस ऐप के माध्यम से किसान मौसम का पूर्वानुमान भी जान सकते हैं और उसके अनुसार फसलों की तैयारी या सुरक्षा के उपाय कर सकते हैं. खेती-बाड़ी से जुड़ी सभी सरकारी योजनाओं की जानकारी किसानों को अब इसी मोबाइल ऐप पर मिल सकती है. यहां उन्हें किसान पासबुक, फसलों के बाजार मूल्य, एमएसपी, सरकार की नई घोषणाएं, कृषि से जुड़े सरकारी निर्देश, पौध संरक्षण सलाह, मृदा स्वास्थ्य कार्ड की सुविधा भी मिल रही है. बिहार सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस ऐप को डाउनलोड करें और कृषि सुविधाओं का लाभ लें.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today