कर्नाटक में कम बारिश से बढ़ी किसानों की चिंता, मंत्री ने विजयपुरा में कपास के खेतों का किया दौरा

कर्नाटक में कम बारिश से बढ़ी किसानों की चिंता, मंत्री ने विजयपुरा में कपास के खेतों का किया दौरा

कर्नाटक के बड़े और मध्यम उद्योग मंत्री एमबी पाटिल ने विजयपुरा जिले में कम बारिश से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर कपास समेत अन्य फसलों की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने किसानों से बातचीत कर फसल नुकसान, सिंचाई और अन्य समस्याओं की जानकारी ली.

Advertisement
कर्नाटक में कम बारिश से बढ़ी किसानों की चिंता, मंत्री ने विजयपुरा में कपास के खेतों का किया दौराकर्नाटक सरकार में मंत्री एमबी पाटिल (फाइल फोटो)

कर्नाटक में कम बारिश के कारण किसानों की बढ़ती चिंता के बीच राज्य के कैबिनेट मंत्री एमबी पाटिल ने रविवार को विजयपुरा जिले के विभिन्न इलाकों का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने खेतों में पहुंचकर फसलों की मौजूदा स्थिति का आकलन किया और किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं. मंत्री का मुख्य फोकस कपास की फसल पर रहा, क्योंकि जिले के कई हिस्सों में बारिश की कमी का असर खेती पर दिखाई दे रहा है.

हिट्टिनहल्ली गांव में किसानों से की बातचीत

मंत्री एमबी पाटिल ने विजयपुरा के हिट्टिनहल्ली गांव का दौरा कर कपास के खेतों का निरीक्षण किया. उन्होंने किसानों से बारिश की कमी के कारण फसल की बढ़वार, संभावित नुकसान और खेती से जुड़ी दूसरी दिक्कतों के बारे में जानकारी ली. किसानों ने उन्हें मौजूदा हालात और अपनी जरूरतों के बारे में बताया. मंत्री ने अधिकारियों को हालात पर नजर बनाए रखने और किसानों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

अन्य फसलों की स्थिति की भी समीक्षा

दौरे के दौरान मंत्री ने केवल कपास के अलावा जिले में उगाई जा रही अन्य प्रमुख फसलों की स्थिति का भी जायजा लिया. उन्होंने यह समझने की कोशिश की कि कम बारिश का अलग-अलग फसलों पर कितना प्रभाव पड़ा है. कृषि गतिविधियों पर पड़ रहे असर को देखते हुए स्थानीय स्तर पर जरूरी कदम उठाने पर भी चर्चा की गई.

वहीं, राज्‍य में प्रमुख विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी कई जिलों में सूखे जैसे हालात के कारण हुए फसल नुकसान को लेकर राज्‍य सरकार से किसानों के‍ लिए राहत पैकेज जारी करने की मांग कर रही है. 

कई राज्यों के लिए भारी बारिश का अलर्ट

इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश के कई हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान तेज बारिश की संभावना जताई है. मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा में कहीं-कहीं अत्यधिक से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. वहीं, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, केरल और माहे में भी भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

इन राज्यों में भी बारिश की संभावना

आईएमडी के अनुसार अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, लक्षद्वीप, मध्य महाराष्ट्र, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, उत्तराखंड और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों और स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी है. (एएनआई)

POST A COMMENT