किसानों से मिले ज्योतिरादित्य सिंधियाइस हफ्ते उत्तर भारत के कई राज्यों में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे खेतों में खड़ी रबी की फसल बर्बाद हो गई है. कुछ ऐसा ही हाल मध्य प्रदेश के कई जिलों में देखने को मिला, जहां ओलावृष्टि से कई फसलें नष्ट हो गई, जिसको लेकर किसान काफी परेशान हैं. किसानों के इंन्ही परेशानियों को देखते हुए, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को अशोकनगर जिले के नरखेड़ा इलाके में ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों से मुलाकात की और प्रशासन को जल्द से जल्द राहत और मुआवजा देने का निर्देश दिया.
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, संचार और उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ने प्रभावित खेतों का दौरा किया. साथ ही उन्होंने फसल के नुकसान का जायजा लिया और किसानों की शिकायतें सुनीं. वहीं, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह आपदा सिर्फ फसलों का नुकसान नहीं है, बल्कि किसानों की कड़ी मेहनत, उम्मीदों और साल भर की मेहनत पर गहरा झटका है.
उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित इलाकों का तुरंत सर्वे करने, फसल नुकसान का आकलन करने और योग्य किसानों को तुरंत राहत और मुआवजा देने का निर्देश दिया. सिंधिया ने कहा कि सरकार दुख की इस घड़ी में किसानों के साथ खड़ी है और इस मुश्किल समय में उन्हें अकेला नहीं छोड़ेगी.
बीजेपी सांसद ने इस बात पर भी जोर दिया कि सहायता प्रक्रिया पारदर्शी, सरल और समयबद्ध होनी चाहिए, ताकि किसानों को सरकारी दफ्तरों के बेवजह चक्कर न लगाने पड़े. उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में किसानों की सेवा करने के पक्के इरादे से काम कर रही है.
बता दें कि इस हफ्ते हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से राज्य के कई जिलों में कलौंजी, चिया सीड और गेहूं की फसलें प्रभावित हुई हैं, जहां फसलें कटाई के करीब पहुंच चुकी कलौंजी और चिया पूरी तरह झड़ गई हैं. वहीं, गेहूं की फसल तेज आंधी से खेतों में बिछ गई है. कई इलाकों में बेमौसम आए इस तूफान ने संभलने का मौका तक नहीं दिया और महीनों की मेहनत पल भर में मिट्टी में मिल गई, फसलों को हुए नुकसान से क्षेत्र के अन्नदाता गहरी चिंता में हैं. (PTI)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today