गेंदे की खेती से बढ़ी किसानों की कमाईदीपावली हो या छठ, त्योहारों की सजावट गेंदे के फूलों के बिना अधूरी मानी जाती है. घरों से लेकर बाजारों और प्रतिष्ठानों तक हर जगह गेंदे के फूलों की मांग रहती है. राजधानी रांची के नगड़ी में बड़े पैमाने पर गेंदे की खेती होती है. यहां के खेतों में खिले फूल न सिर्फ रांची, बल्कि झारखंड और पड़ोसी राज्यों के कई शहरों की रौनक बढ़ाते हैं.
दीपावली के दौरान गेंदे के फूलों की मांग काफी बढ़ जाती है. लक्ष्मी-गणेश की पूजा से लेकर घरों और दुकानों की सजावट तक गेंदे के फूलों का खूब इस्तेमाल होता है. ऐसे में ताजे और स्थानीय फूलों की मांग भी बढ़ जाती है. नगड़ी निवासी लालमोहन महतो पिछले करीब दस वर्षों से गेंदे की खेती कर रहे हैं. उनका कहना है कि दीपावली के दौरान बाजार में गेंदे के फूलों की मांग इतनी अधिक हो जाती है कि उसे पूरा करना किसानों के लिए चुनौती बन जाता है.
इस खेती की खास बात यह है कि इससे गांव की महिलाओं को भी रोजगार मिल रहा है. लालमोहन महतो के खेतों में करीब 15 से 20 महिलाएं काम करती हैं. घर के कामकाज निपटाने के बाद ये महिलाएं फूलों की तुड़ाई और उन्हें धागे में पिरोने का काम करती हैं. पूनम कच्छप और नीलम कच्छप बताती हैं कि इस काम से उन्हें खाली समय का सदुपयोग करने के साथ अच्छी आमदनी भी हो जाती है.
वहीं, गांव की किशोरियां भी इस काम में पीछे नहीं हैं. स्कूल और पढ़ाई के बाद मिलने वाले खाली समय में सुषमा और रानी जैसी छात्राएं फूलों की माला तैयार करती हैं. इससे उन्हें अपनी पढ़ाई का खर्च निकालने और जेब खर्च के लिए परिवार पर निर्भर नहीं रहना पड़ता.
पूजा के दौरान गेंदे के फूलों का कारोबार काफी बड़ा हो जाता है. अनुमान के मुताबिक, केवल रांची शहर में ही दीपावली के मौके पर सौ से अधिक ट्रक गेंदे के फूलों की बिक्री होती है. इतनी बड़ी मांग को पूरा करने के लिए स्थानीय किसानों के साथ-साथ कोलकाता जैसे शहरों से भी फूल मंगाए जाते हैं. जाहिर है, नगड़ी के खेतों में खिलने वाले ये फूल त्योहारों की रौनक बढ़ाने के साथ ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों के लिए रोजगार का भी बड़ा माध्यम बन रहे हैं.(आकाश कुमार का इनपुट)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today