मदर डेयरीभारत की प्रमुख डेयरी कंपनी मदर डेयरी ने एक बार फिर अपनी मजबूत पहचान साबित की है. यूके की प्रतिष्ठित ब्रांड वैल्यूएशन कंपनी ब्रांड फाइनेंस की 'इंडिया 100-2026' रिपोर्ट में मदर डेयरी ने देश के टॉप-5 फूड ब्रांड्स में दूसरा स्थान बरकरार रखा है. इतना ही नहीं कंपनी की ब्रांड वैल्यू में पिछले एक साल के दौरान 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो इसकी लगातार बढ़ती लोकप्रियता और ग्राहकों के भरोसे को दर्शाती है.
नई दिल्ली में जारी इस रिपोर्ट के अनुसार, मदर डेयरी ने सिर्फ फूड सेक्टर में ही नहीं, बल्कि भारत के टॉप 100 सबसे बेस्ट ब्रांड्स की सूची में भी अपनी स्थिति मजबूत की है. कंपनी अब 32वें स्थान पर पहुंच गई है. यह 2024 की तुलना में 9 स्थान का सुधार है, जो कंपनी की तेजी से बढ़ती मांग को दिखाता है.
रिपोर्ट के मुताबिक, मदर डेयरी की ब्रांड वैल्यू में 2026 में 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. इससे पहले 2025 में भी कंपनी की ब्रांड वैल्यू में 17 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी. लगातार दो वर्षों से हो रही यह बढ़त बताती है कि ग्राहकों के बीच कंपनी के उत्पादों पर भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है.
इस उपलब्धि पर मदर डेयरी के मैनेजिंग डायरेक्टर जयतीर्थ चारी ने खुशी जताते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे मदर डेयरी परिवार के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि यह सफलता लाखों ग्राहकों, किसानों, पशुपालकों, कर्मचारियों और चैनल पार्टनर्स के भरोसे और सहयोग का परिणाम है. उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य सिर्फ अच्छे प्रोडक्ट बेचना नहीं, बल्कि ग्राहकों को भरोसेमंद क्वालिटी, नई तकनीक और बेहतर सेवाएं देना है.
ब्रांड फाइनेंस दुनिया की प्रमुख स्वतंत्र ब्रांड वैल्यूएशन और ब्रांड स्ट्रैटेजी कंसल्टेंसी कंपनियों में शामिल है. हर साल जारी होने वाली 'इंडिया 100' रिपोर्ट में देश के सबसे मूल्यवान और सबसे मजबूत ब्रांड्स की रैंकिंग की जाती है. इस रिपोर्ट में कंपनियों की ब्रांड वैल्यू, बाजार में उनकी पहचान, ग्राहकों का भरोसा और भविष्य की संभावनाओं जैसे कई मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया जाता है.
मदर डेयरी की शुरुआत वर्ष 1974 में हुई थी. इसे राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) ने 'ऑपरेशन फ्लड' कार्यक्रम के तहत शुरू किया था. इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारत को दूध उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना था. आज मदर डेयरी देश की सबसे बड़ी डेयरी कंपनियों में शामिल है और दूध, दही, पनीर, घी, आइसक्रीम समेत कई डेयरी प्रोडक्ट्स की बिक्री करती है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today