सीएम नायब सिंह सैनीहरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में आयोजित 41वीं राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अलग-अलग नस्ल मेल और फीमेल चैम्पियनशिप में 8 पशुपालकों को कुल 20 लाख रुपये की इनाम राशि दी है. इन पशुपालकों को अपने-अपने वर्ग के लिए ढाई-ढाई लाख रुपये का चेक दिया गया है. अहम पहलू यह है कि राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी में कुल 53 वर्गों में 298 विजेताओं को कुल 50 लाख 20 हजार 600 रुपये की राशि वितरित की गई. वहीं, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री देश आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. इसमें पशुपालन क्षेत्र की बहुत बड़ी भूमिका है.
हरियाणा के पशुपालन विभाग के महानिदेशक डॉ. प्रेम सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि मुर्रा नस्ल मेल चैम्पियनशिप में पानीपत के गांव बूरसम निवासी नरेंद्र सिंह, मुर्रा नस्ल फीमेल चैम्पियनशिप में हिसार के गांव सिंघवा खास निवासी ईश्वर सिंह की मुर्रा नस्ल की भैंस को चैम्पियन पुरस्कार दिया गया. इन दोनों पशुपालकों को इनाम के रूप में ढाई-ढाई लाख रुपये की राशि का चेक दिया गया.
उन्होंने बताया कि हरियाणा नस्ल मेल चैम्पियनशिप में पानीपत के गांव डिडवानी निवासी नरेंद्र की हरियाणा नस्ल के सांड ने चैम्पियन पुरस्कार हासिल किया है. इस पशुपालक को इनाम के रूप में 2 लाख 50 हजार रुपये का चेक दिया गया. इसी तरह हरियाणा नस्ल फीमेल चैम्पियनशिप में झज्जर के गांव गवालीसन निवासी अनूप की हरियाणा नस्ल गाय चैम्पियन रही, साहीवाल नस्ल मेल चैम्पियनशिप में करनाल के तरावड़ी निवासी अनुज के साहीवाल बैल चैम्पियन रहा. इसी प्रतियोगिता के फीमेल वर्ग में करनाल के दादूपुर रोडाना निवासी राजबीर की साहीवाल नस्ल की गाय चैम्पियन रही.
प्रेम सिंह ने कहा कि एक्सोटिक क्रॉस ब्रीड मेल चैम्पियनशिप में गांव सगा निवासी पवन का पशु चैम्पियन रहा. इसी तरह करनाल के गांव गलिबखेडी का अक्षदीप की फीमेल पशु चैम्पियन रही. इन पशुपालकों को 2 लाख 50 हजार रुपये इनाम का चेक दिया गया. उन्होंने कहा कि रोहतक निवासी सन्नी के पशु को मुर्रा युवा बुल प्रतियोगिता में प्रथम आने पर 51 हजार रुपये, महेंद्रगढ़ के झौक निवासी इंद्रजीत के पशु को मुर्रा बफेलो ड्राई प्रतियोगिता में प्रथम आने पर 51 हजार रुपये, रोहतक के भगवतीपुर निवासी रामनिवास के पशु को मुर्रा बफेलो हेल्फर प्रतियोगिता में प्रथम आने पर 51 हजार रुपये दिया गया.
इसके अलावा जींद के गांव अलेवा निवासी मोनू के पशु को मुर्रा मेल काफ प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में 21 हजार रुपये, झज्जर के गांव वजीरपुर निवासी प्रदीप कुमार के पशु को मुर्रा बफेलो फीमेल काफ प्रतियोगिता में प्रथम आने पर 21 हजार रुपये, यमुनानगर के अलहर निवासी गोपाल कृष्ण की गाय को हरियाणा गाय इन मिल्क श्रेणी प्रतियोगिता में प्रथम आने 51 हजार रुपये, कैथल के खरक पांडवा निवासी विक्रम की गाय को हरियाणा गाय ड्राई प्रतियोगिता में प्रथम आने पर 51 हजार रुपये, भिवानी के गांव भवानी खेड़ा निवासी आशीष के पशु को हरियाणा पेयर बुललॉकस की श्रेणी वाली प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के तौर पर 51 हजार रुपये की राशि इनाम के तौर पर दी गई.
हरियाणा के पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. अनिल बनवाला ने कहा कि कुरुक्षेत्र में संपन्न हुई तीन दिवसीय 41वीं राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी में रोजाना रजिस्ट्रेशन करवाने वाले पशुपालकों और किसानों के लिए विभाग की तरफ से लकी ड्रा के माध्यम से पुरस्कार देने की योजना तैयार की गई थी, जिसमें करनाल के गांव खेडा निवासी धर्म सिंह ने बुलेट जीती है. उन्होंने कहा कि करनाल के गांव जानी निवासी रामपाल, कुरुक्षेत्र के गांव ढूढा निवासी रणदीप सिंह और पाला राम की ड्रा में मिल्किंग मशीन निकली है. इन विजेताओं को महानिदेशक डॉ. प्रेम सिंह ने मौके पर ही सम्मानित किया.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today