किस वक्त निकालें गाय-भैंस का दूध देश के ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन का रोजगार अब दिन प्रतिदिन तेजी से बढ़ता जा रहा है. पशुपालन के व्यवसाय से जुड़कर कई किसान आर्थिक तौर पर मजबूत भी हुए हैं. लेकिन पशुपालकों को कई बार ये सोचना पड़ता है कि पशुओं का दूध कब निकालना सही रहता है. दरअसल, ग्रामीण अंचल का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा गाय-भैंस के दुग्ध व्यवसाय को प्राथमिकता देता है. ऐसे में पशुपालकों के लिए जानवरों से ज्यादा दूध लेना एक महत्वपूर्ण मुद्दा होता है. इसमें एक अहम पहलू दूध निकालने का सही समय होता है. ऐसे में आइए जानते हैं कि पशुओं का दूध किस समय निकालें.
गाय और भैंस से दूध निकालने का समय बेहद महत्वपूर्ण होता है. आमतौर पर दूध निकालने के दो मुख्य समय माने जाते हैं- सुबह और शाम. सुबह के समय विशेष रूप से सूरज निकलने के कुछ समय बाद दूध निकालना सबसे अच्छा माना जाता है. इस समय पशु रातभर आराम कर चुके होते हैं और उनके थनों में दूध अच्छी तरह से जमा हो चुका होता है. वहीं, शाम के समय जब सूरज ढलने के बाद तापमान कम हो जाता है, तब दूध निकालना भी लाभदायक होता है. इस समय पशु दिनभर का खाना खा चुके होते हैं और पाचन के बाद दूध का उत्पादन बढ़ जाता है.
ये भी पढ़ें:- Camel Milk: क्या ऊंटनी के दूध से जुड़ी ये 12 बातें जानते हैं आप, नहीं तो पढ़ें यहां
विशेषज्ञों की मानें तो दूध निकालने की टाइमिंग का सीधे तौर पर दूध की मात्रा पर असर पड़ता है. इसके पीछे कई कारण होते हैं. दरअसल, रातभर के आराम के बाद सुबह और दिनभर चारा खाने के बाद शाम के समय थनों में अधिक मात्रा में दूध इकट्ठा हो जाता है. अगर बीच में दूध निकाला जाए, तो थनों में पर्याप्त दूध जमा नहीं होता, जिससे उत्पादन कम हो सकता है. इसके अलावा सुबह और शाम के समय पशु अधिक शांत और ताजगी महसूस करते हैं, जिससे दूध निकालने की प्रक्रिया भी आसान होती है और तनाव कम रहता है. तनाव कम होने से दूध की मात्रा बढ़ जाती है.
दूध निकालने का समय चुनने में सावधानी बरतनी चाहिए. सुबह और शाम के समय दूध निकालना सबसे अच्छा होता है. दिन में अधिक तापमान और पशुओं के आराम की कमी के कारण दूध की मात्रा कम हो सकती है. ऐसे में कोशिश करें पशुओं के दूध निकालने वाली टाइमिंग में बदलाव न हो. वहीं, अगर गाय या भैंस दोनों टाइम मिलाकर 25 लीटर से अधिक दूध देती है, तो उनका दूध सुबह, दोपहर, और शाम तीन बार निकालना चाहिए.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today