
यूपी में इन दिनों मौसम में काफी उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है. नवंबर के इस महीने में ठंड को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. लखनऊ के अमौसी स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, यूपी में आने वाले 48 घंटे के अंदर तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. जिससे ठंड और बढ़ेगी. मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, प्रदेश में अभी गुलाबी सर्द ही रहने की संभावना जताई गई है. अभी कोई पश्चिमी विच्छोभ सक्रिय नहीं हुआ है. प्रदेश में 11 नवंबर यानी सोमवार को मौसम साफ रहने की संभावना है. हालांकि इस अवधि में प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में सुबह के समय छिछले से मध्यम कोहरा पड़ने की संभावना जताई गई है.
ऐसे ही 12, 13 और 14 नवंबर को भी प्रदेश में मौसम साफ रहने के साथ ही दोनों हिस्सों में सुबह के समय कहीं-कहीं पर छिछला से मध्यम कोहरा छाने के आसार हैं. इसी तरह 15 नवंबर को धुंध और छिछला कोहरा छा सकता है. साथ ही 16 नवंबर को सुबह के समय सिर्फ धुंध छाने की संभावना है. मौसम विभाग का अनुमान है कि नवंबर महीने के आखरी सप्ताह से पूरे प्रदेश में कोहरा भी बढ़ेगा और इससे यूपी के तापमान में भी कमी आएगी.
वहीं प्रदेश के तापमान में अभी ज्यादा कोई बदलाव न होने की संभावना है, लेकिन आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 2℃ से 3℃ तक गिरावट आने के आसार जताए गए हैं. इसके चलते कई जिलों में रात को कड़ाके की ठंड की शुरुआत हो जाएगी. बता दें कि प्रदेश में दीवाली के बाद से हल्की-फुल्की ही ठंड पड़नी शुरू हुई है. इस समय प्रदेश के जिलों में रातें हल्की सर्द और दिन के समय ठीकठाक धूप हो रही है. हालांकि कई जगहों पर सुबह के धुंध और कोहरे का प्रकोप देखने को मिल रहा है.
आईएमडी के अनुसार, रविवार को प्रदेश में सबसे कम तापमान रामनगरी अयोध्या में रिकॉर्ड हुआ. यहां न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा. इसके अलावा मुजफ्फरनगर में 16.9 डिग्री सेल्सियस, मेरठ में 17.8 और नजीबाबाद में 18.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं प्रयागराज में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रहा. बीते कुछ दिनों से प्रयागराज में तापमान इसी के आस पास है. फिलहाल प्रदेश में 15 नवंबर तक मौसम साफ रहने वाला है. हालांकि, इस दौरान तराई बेल्ट में सुबह के समय कोहरे का असर देखने को मिल सकता है.
ये भी पढ़ें-
कई राज्यों में सुबह-शाम हल्की ठंड, दक्षिण में भारी बारिश का अलर्ट, पढ़ें मौसम का ताजा अपडेट