
एक तरफ लोग गर्मी और लू से परेशान हैं, तो दूसरी तरफ पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश और तूफानी हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में कई इलाकों में मौसम और ज्यादा खराब हो सकता है. ऐसे में देश इस समय दोहरे मौसम की मार झेल रहा है- कहीं आसमान से आग बरस रही है, तो कहीं तेज बारिश और तूफान लोगों की चिंता बढ़ा रहे हैं. IMD के मुताबिक बुधवार को देश के कई इलाकों में तापमान 40 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. वहीं, उत्तर प्रदेश का बांदा सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां पारा 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है.
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को आने वाले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 24 मई तक इलाके में गंभीर लू चलने और रात में भी गर्मी बने रहने की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान दिन का तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. यानी दिन ही नहीं, रातें भी लोगों को गर्मी से परेशान करेंगी.
IMD ने यह भी बताया कि 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली गर्म हवाएं और 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक के तेज झोंके मौसम को और ज्यादा खतरनाक बना सकते हैं. इससे शरीर में पानी की कमी, चक्कर आना, थकान और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय ज्यादा बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव करने की सलाह दी है.
IMD ने हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, झारखंड, बिहार, तेलंगाना और ओडिशा समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन इलाकों में तेज गर्मी और लू की वजह से लोगों की तबीयत खराब होने का खतरा काफी ज्यादा बढ़ गया है. IMD ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचें, हल्के और सूती कपड़े पहनें और शरीर में पानी की कमी न हो इसके लिए लगातार पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें. मौसम विभाग ने खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी है.
मौसम विभाग के मुताबिक, हवा में बने चक्रवाती सिस्टम और ट्रफ की वजह से उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में आने वाले दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. IMD ने अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 21 मई और फिर 23 से 25 मई के बीच कई जगहों पर बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं 23 मई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश की वजह से अचानक बाढ़, शहरों में जलभराव और आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, कर्नाटक, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर में तेज आंधी-तूफान का भी खतरा है. कई जगहों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि हवा के झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. मौसम विभाग ने किसानों को खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहने और खुले में रखे सामान और फसलों को सुरक्षित रखने की सलाह दी है. साथ ही दक्षिण-पश्चिम मॉनसून भी धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है, जिससे समुद्र में हालात खराब बने हुए हैं. IMD ने गल्फ ऑफ मन्नार, कोमोरिन क्षेत्र और अंडमान सागर में मछुआरों को फिलहाल समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है, क्योंकि आने वाले दिनों में समुद्र बेहद उग्र रह सकता है. (अनमोल नाथ बाली का रिपोर्ट)