उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में आसमान से आग बरस रही हैउत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बांदा समेत यूपी के 23 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है. इसी कड़ी में 21 मई यानी गुरुवार के लिए मिर्जापुर, संतरविदास नगर, प्रयागराज, कौशांबी, चित्रकूट, फतेहपुर, बांदा, कानपुर, हमीरपुर, महोबा, जालौन, झांसी, ललितपुर, कानपुर देहात, औरेया, इटावा, मैनपुरी, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, महामायानगर, मथुरा, अलीगढ़ जिले में वार्म नाइट और हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने, धूप में बिना जरूरत न निकलने की अपील की है.
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले एक हफ्ते तक पूर्वी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश में भीषण लू चलने की संभावना है, वहीं पश्चिमी यूपी के कई जिलों में गर्म रातें लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं. उन्होंने बताया कि बांदा लगातार चौथे दिन देश में सर्वाधिक गर्म शहर रहा. वहीं आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में भीषण लू के साथ अगले 3 दिनों के लिए उष्ण रात्रि की चेतावनी के तहत रेड अलर्ट जारी किया गया है.
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, आज सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, कन्नौज, फर्रुखाबाद, कांशीरानमगर, गौतमबुद्धनगर, बागपत और गाजियाबाद में हीट वेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, गाजीपुर, बलिया, देवरिया, मऊ, आजमगढ़, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, सुल्तानपुर, अमेठी, लखनऊ, हरदोई, शाहजहांपुर, बदायूं, संभल, बुलंदशहर, ज्योतिबाफुले नगर, हापुड़, मेरठ, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर में वार्म नाइट और हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
-दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक तेज धूप में निकलने से बचें.
-शरीर में पानी की कमी न होने दें
-लगातार पानी, नींबू पानी, छाछ और ओआरएस का सेवन करें.
-हल्के रंग और सूती कपड़े पहनें तथा सिर को गमछे या टोपी से ढककर रखें.
-खाली पेट घर से बाहर न निकलें और ज्यादा तला-भुना व मसालेदार भोजन खाने से बचें.
-चक्कर, उल्टी, तेज बुखार या अत्यधिक कमजोरी महसूस होने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल में चिकित्सकीय सलाह लें.
बता दें कि बुंदेलखंड और प्रदेश के दक्षिणी जिलों में हालात सबसे ज्यादा खराब है. तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है. उधर, भीषण गर्मी और हीट वेव के मद्देनजर डिप्टी सीएम और स्वास्थ मंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेश के सभी मंडलीय, जिला, संयुक्त, शहरी एवं ग्रामीण चिकित्सालयों, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, स्वास्थ्य उपकेंद्र, मेडिकल कॉलेजों और चिकित्सा संस्थानों में गर्मी से पीड़ितों को समुचित इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं.
ये भी पढ़ें-
जम्मू से लेकर केरल तक भीषण गर्मी से परेशान लोग, दोपहर में सड़कों पर पसरा सन्नाटा, देखें PHOTOS
El Nino का खतरा मंडराया, खरीफ फसलों की पैदावार में 10% गिरावट का अंदेशा
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today