बंगाल की खाड़ी में मजबूत होगा लो प्रेशर एरिया! इन राज्‍यों में भारी बारिश का खतरा, पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

बंगाल की खाड़ी में मजबूत होगा लो प्रेशर एरिया! इन राज्‍यों में भारी बारिश का खतरा, पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र 21 सितंबर को डिप्रेशन और 22 सितंबर को डीप डिप्रेशन में बदल सकता है. इसके असर से 23-24 सितंबर को दक्षिण ओडिशा और उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट है.

aaj Ka Mausamaaj Ka Mausam
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Sep 21, 2026,
  • Updated Sep 21, 2026, 7:00 AM IST

बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र (लाे प्रेशर एरिया) अगले कुछ दिनों में तेजी से मजबूत होने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह सिस्टम 21 सितंबर को डिप्रेशन और 22 सितंबर को डीप डिप्रेशन में बदल सकता है. इसके बाद यह पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 23 सितंबर की सुबह उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों के पास पहुंच सकता है. इसके असर से कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी और 23-24 सितंबर के दौरान कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश का खतरा रहेगा.

उत्तर भारत में 24 सितंबर के बाद बढ़ेगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में 24 सितंबर के बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 24-26 सितंबर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25-26 सितंबर को बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में इस दौरान कुछ जगहों पर बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी का दौर आगे बढ़ने की संभावना है.

दिल्ली में 21 से 23 सितंबर तक कैसा रहेगा मौसम

इधर, दिल्ली में 21 से 23 सितंबर के दौरान आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. 21 और 22 सितंबर को अधिकतम तापमान 34-36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23-26 डिग्री के बीच रह सकता है. 

23 सितंबर को भी अधिकतम तापमान 34-36 डिग्री और न्यूनतम 23-25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. इस दौरान सतही हवाएं अलग-अलग समय में उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम दिशा से चल सकती हैं.

21 सितंबर को इन राज्यों में बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, 21 सितंबर को पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है. झारखंड में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, जबकि ओडिशा और बिहार में भी कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. विदर्भ में भी बारिश का पूर्वानुमान है.

मध्य भारत और महाराष्ट्र में भी असर

छत्तीसगढ़ में 20 से 26 सितंबर तक बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 23-26 सितंबर के बीच बारिश बढ़ने की संभावना है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 25-26 सितंबर को कई जगहों पर बारिश और गरज-चमक हो सकती है. विदर्भ में 21-26 सितंबर तक बारिश का दौर रहने का अनुमान है. मराठवाड़ा में भी 21 सितंबर के बाद कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक हो सकती है.

पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का अलर्ट

झारखंड, ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में 22-26 सितंबर के दौरान कई इलाकों में बारिश हो सकती है. गंगीय पश्चिम बंगाल में 22-25 सितंबर के दौरान बारिश और गरज-चमक की संभावना है. बिहार में 24-26 सितंबर के दौरान कई इलाकों में बारिश हो सकती है. असम और मेघालय में 23-25 सितंबर के दौरान व्यापक बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है.

दक्षिण भारत में भी सक्रिय रहेगा मौसम

आईएमडी का कहना है कि आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और दक्षिण भारत के दूसरे हिस्सों में 21 सितंबर के बाद बारिश बढ़ने के आसार हैं. तेलंगाना में 21 से 26 सितंबर के बीच कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. 

तटीय आंध्र प्रदेश में 22 से 24 सितंबर के दौरान व्यापक बारिश का अनुमान है. उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश में 22-23 सितंबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी बारिश के साथ गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है.

MORE NEWS

Read more!