ज्‍यादातर राज्‍यों में भीषण गर्मी बरपाएगी कहर! दक्षिण और पूर्वोत्‍तर में बारिश का अलर्ट, पढ़ें मौसम का ताजा अपडेट

ज्‍यादातर राज्‍यों में भीषण गर्मी बरपाएगी कहर! दक्षिण और पूर्वोत्‍तर में बारिश का अलर्ट, पढ़ें मौसम का ताजा अपडेट

उत्तर भारत में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है. दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और यूपी में तापमान 46 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है. वहीं बिहार, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है.

aaj ka mausam double weatheraaj ka mausam double weather
क‍िसान तक
  • नोएडा,
  • May 22, 2026,
  • Updated May 22, 2026, 7:00 AM IST

देश के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के, मुताबिक 22 मई को भी उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है. हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में तेज लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिम राजस्थान में भी तापमान तेजी से बढ़ने के संकेत हैं. वहीं दूसरी ओर पूर्वोत्तर भारत, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है. 

22 मई को देशभर में ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 22 मई को उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तेज गर्मी बनी रहेगी. दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिम और पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान तथा मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. उत्तर प्रदेश के बांदा में बीते दिन 48 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था, जिससे गर्मी की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है. 

वहीं, पूर्वोत्तर भारत में मौसम बदला हुआ रहेगा. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. बिहार और झारखंड में भी गरज-चमक, तेज हवाओं और कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है. 

IMD ने कहा है कि दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. तमिलनाडु और दक्षिणी कर्नाटक में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. 

दिल्ली-एनसीआर में चलेंगी गर्म हवाएं

दिल्ली-एनसीआर में 22 मई को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और लू का असर जारी रहेगा. अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. दिन के समय 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं और झोंकों की गति 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. 

वहीं, 23 मई को भी दिल्ली में गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं. मौसम विभाग ने साफ आसमान और हीटवेव की स्थिति बने रहने का अनुमान जताया है. तापमान 44 से 46 डिग्री के बीच रह सकता है. 24 मई को भी मौसम लगभग इसी तरह बना रहेगा, हालांकि, शाम के समय हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिमी हो सकती है. 

देश में आगे कैसा रहेगा मौसम?

पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम और पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू का असर लगातार बना रहेगा. पश्चिम राजस्थान में 25 से 27 मई के दौरान गंभीर हीटवेव की चेतावनी है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में 22 और 23 मई को हल्की बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. जम्मू-कश्मीर में 23 मई को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. 

पूर्वी, पूर्वोत्तर और दक्षणि भारत में बारिश का पूर्वानुमान

असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 23 से 25 मई के दौरान बहुत भारी बारिश की संभावना है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 23 से 27 मई तक तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है. बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं. 

तमिलनाडु, केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रहेंगी. केरल और तमिलनाडु में कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. तटीय आंध्र प्रदेश में समुद्र किनारे तेज हवाएं चल सकती हैं, इसलिए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है. 

किसानों और पशुपालकों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने लू प्रभावित राज्यों के किसानों को हल्की और बार-बार सिंचाई करने की सलाह दी है, ताकि मिट्टी में नमी बनी रहे. उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में सब्जियों, दलहनी फसलों और बागवानी फसलों में मल्चिंग करने की सलाह दी गई है. तेज आंधी और बारिश वाले क्षेत्रों में कटाई की गई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने और तिरपाल से ढंकने को कहा गया है. 

पशुपालकों को दोपहर के समय पशुओं को खुले में न छोड़ने, पर्याप्त साफ पानी उपलब्ध कराने और शेड में ठंडक बनाए रखने की सलाह दी गई है. पोल्ट्री फार्म की छत पर घास या छायादार सामग्री लगाने और मछुआरों को खराब मौसम के दौरान समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है.

MORE NEWS

Read more!