
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने बीते दिन पूरे भारत को कवर कर लिया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 9 जुलाई को मॉनसून ने राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष हिस्सों में भी दस्तक दे दी, जिसके साथ ही पूरे भारत में मॉनसून का कवरेज पूरा हो गया. इसके साथ कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा भी बढ़ गया है. आईएमडी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई है. दूसरी ओर, महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश में 9 जुलाई से और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में 10 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है.
आईएमडी ने अपने बुलेटिन कहा है कि 10 जुलाई को उत्तर भारत में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. उत्तराखंड में कहीं-कहीं बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है. पंजाब, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में भी कई इलाकों में बारिश दर्ज हो सकती है.
वहीं, पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और ओडिशा में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने का अनुमान है. पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य भारत में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में कुछ स्थानों पर बारिश होगी, लेकिन पिछले दिनों की तुलना में इसकी तीव्रता कम रहने के आसार हैं. पश्चिम भारत में कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र में कुछ इलाकों में भारी बारिश संभव है, जबकि गुजरात और मराठवाड़ा में बारिश अपेक्षाकृत कमजोर पड़ सकती है. दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी हुई है.
दिल्ली-एनसीआर में 10 जुलाई को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है. सुबह या पूर्वाह्न के दौरान कई इलाकों में हल्की बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है. अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
इसके बाद 11 जुलाई को हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी, जबकि तापमान बढ़कर 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. 12 जुलाई को बारिश की गतिविधियां और कम होने के साथ अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है.
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि जिन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है वहां खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी की उचित व्यवस्था रखें. धान की नर्सरी, मक्का, दलहन, तिलहन और सब्जियों की फसलों में जलभराव न होने दें.
कटाई की गई उपज को सुरक्षित स्थान पर या तिरपाल से ढककर रखें. तेज हवा और बारिश की आशंका वाले क्षेत्रों में बागवानी फसलों को सहारा दें और पशुओं को खुले में रखने के बजाय सुरक्षित शेड में रखें.