Weather News: तीन पश्‍चिमी विक्षोभों का द‍िखेगा असर, इन राज्‍यों में बारिश-ओले गिरने की आशंका, पढ़ें फुल अपडेट

Weather News: तीन पश्‍चिमी विक्षोभों का द‍िखेगा असर, इन राज्‍यों में बारिश-ओले गिरने की आशंका, पढ़ें फुल अपडेट

4 फरवरी को मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा. दिल्ली एनसीआर सहित कई राज्यों में सुबह घना कोहरा छाएगा, जबकि हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश बर्फबारी जारी रह सकती है. आने वाले दिनों में नए पश्चिमी विक्षोभ से ठंड और बढ़ेगी.

AAJ KA MAUSAM AAJ KA MAUSAM
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Feb 04, 2026,
  • Updated Feb 04, 2026, 7:00 AM IST

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर एक के बाद एक तीन पश्चिमी विक्षोभ के असर पड़ने की चेतावनी दी है. इसका सबसे ज्यादा असर आज देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के मुताबिक, जब उत्तर भारत के बड़े हिस्से में घना से बहुत घना कोहरा, पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी, जबकि मैदानी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की आशंका है. कई राज्यों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट प्रभावी हैं और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में सुबह और रात के समय घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी है. ऐसे में कई इलाकों में विज‍िबिल‍िटी 50 मीटर से भी नीचे जा सकती है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित होने की आशंका है.

पूर्वी यूपी में बारिश-ओले गिरने की आशंका

पूर्वी उत्तर प्रदेश में 4 फरवरी को भी गरज चमक के साथ बारिश और कहीं कहीं ओलावृष्टि का खतरा बना हुआ है, जिससे खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है.

तापमान में ज्‍यादा बदलाव की संभावना नहीं

वहीं, तापमान की स्थिति पर नजर डालें तो उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में अगले कुछ दिनों तक कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. हालांकि, कोहरे और बादलों के कारण ठंड का असर बना रहेगा. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है, लेकिन कई जगह अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है.

महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान में पहले हल्की बढ़ोतरी और फिर 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है. इसके अलावा पहाड़ी राज्यों में न्यूनतम तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा, जबकि ऊंचे इलाकों में यह शून्य से नीचे जा सकता है.

दिल्‍ली-NCR में आंश‍िक बादल छाएंगे

दिल्ली-एनसीआर के मौसम की बात करें तो 4 फरवरी को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा. सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे विजिबिल‍िटी कम रहेगी. दिन में तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. हवाएं उत्तर पश्चिम दिशा से चलेंगी और दोपहर में इनकी रफ्तार बढ़ सकती है. 5 और 6 फरवरी को भी हल्का कोहरा और ठंडी हवाओं का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है.

इन राज्‍यों में बारिश-बर्फबारी के आसार

आईएमडी के मुताबिक, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 4 फरवरी को भी बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है. पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज चमक की स्थिति बन सकती है. राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और कोहरे का असर रहेगा.

पूर्वोत्तर भारत में तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर बना रहेगा, लेकिन पहाड़ी इलाकों में ठंड बनी रहेगी. 5 फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 6 फरवरी को फिर से पहाड़ी राज्यों में मौसम बिगड़ सकता है और 8 से 9 फरवरी के बीच इसका असर मैदानी इलाकों तक फैल सकता है.

किसानों-पशुपालकों को एग्रोमेट की सलाह

मौसम विभाग के डिव‍िजन एग्रोमेट ने किसानों और पशुपालकों के लिए अहम सलाह जारी की हैं. जिन इलाकों में ओलावृष्टि की आशंका है वहां किसान फसलों को ढकने या सुरक्षित करने के उपाय करें. बागवानी फसलों और सब्जियों को सहारा देने की जरूरत है, ताकि तेज हवाओं से नुकसान न हो. 

पशुपालक अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें और उन्हें शेड में रखें. चारे और दाने को सुरक्षित स्थान पर रखें ताकि नमी से खराब न हो. कोहरे के कारण रोगों का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए फसलों और पशुओं की नियमित निगरानी करें. 

MORE NEWS

Read more!