
IMD Weather Update: राजधानी सहित देश के कई राज्यों शीतलहर का दौर जारी हैं. वहीं, पहाड़ों पर हो रहे लगातार बर्फबारी की वजह से उत्तर भारत के कई राज्यों में कोल्ड वेव की स्थिति बनी हुई है. यहां लोग शीतलहर का प्रकोप झेल रहे हैं. बढ़ती ठंड और सर्द हवाओं से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों के साथ अलाव का सहारा ले रहे हैं. उत्तर भारत में शीतलहर की स्थिति को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखने की सलाह दी है. वहीं, दक्षिण भारत के तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश का दौर अब थमने लगा है. इस बीच आइए जानते हैं कैसा रहेगा आज के मौसम का हाल.
दिल्ली-एनसीआर में लगातार चल रही तेज हवाओं ने ठंड का एहसास को बढ़ा दिया है. राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में शीतलहर असर देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में लोगों को घने कोहरे का सामना करना पड़ेगा. इस दौरान पारे में और भी ज्यादा गिरावट दर्ज की जाएगी. मौसम विभाग की मानें तो 16 दिसंबर के बाद से एनसीआर के लोगों को लगातार कोहरे का सामना करना पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें:- देश के कई राज्यों में शीतलहर का प्रकोप जारी, 2-3 दिन बाद राहत के आसार, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम
कश्मीर के मैदानी क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है. मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक कई स्थानों पर शीतलहर का पूर्वानुमान लगाया है. मौसम विभाग ने बताया है कि कश्मीर में ऊंचाई वाले क्षेत्रों और कुछ मैदानी इलाकों में बर्फबारी के बाद घाटी में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार. कश्मीर घाटी में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है. साथ ही अगले चार दिनों के दौरान कई स्थानों पर शीतलहर की स्थिति रहेगी. इसके अलावा हिमाचल के कई क्षेत्रों में भी बर्फबारी जारी है.
तमिलनाडु में अब बारिश का दौर थोड़ा थमने लगा है. मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, थूथुकुडी, तेनकासी, विरुधुनगर, थेनी और डिंडीगुल में बारिश का अलर्ट है. वहीं अन्य जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना है. साथ ही मौसम विभाग ने आज केरल के तीन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में तिरुवनंतपुरम, कोल्लम और अलाप्पुझा जिले शामिल है. इसके अलावा किसी अन्य जिलें में कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. ऐसे में केरल में बारिश का दौर थमता नजर आ रहा है.
जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति जारी है. मौसम विभाग ने पंजाब में शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. साथ ही किसानों के लिए पाला पड़ने की चेतावनी जारी की है. ओडिशा और नॉर्थ-ईस्ट के ज्यादातर हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है. मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से दिन में भी ठंड तेज है.