Aaj Ka Mausam: मौसम ने बदली करवट! इन राज्यों में तेज हवाएं, बारिश और ओले गिरने का Alert

Aaj Ka Mausam: मौसम ने बदली करवट! इन राज्यों में तेज हवाएं, बारिश और ओले गिरने का Alert

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, इस हफ्ते उत्तर-पश्चिम भारत में दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पहुंच रहे हैं, जिसकी वजह से बारिश, तेज हवाएं और ओले गिरने की संभावना बढ़ गई है. IMD के ताज़ा अपडेट के अनुसार, 3, 4 और 7 अप्रैल को इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा.

Today Weather UpdateToday Weather Update
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Apr 03, 2026,
  • Updated Apr 03, 2026, 8:00 AM IST

पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली-NCR, यूपी, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में सुबह-सुबह मौसम अचानक बदल गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, इस हफ्ते उत्तर-पश्चिम भारत में दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पहुंच रहे हैं, जिसकी वजह से बारिश, तेज हवाएं और ओले गिरने की संभावना बढ़ गई है. IMD के ताज़ा अपडेट के अनुसार, 3, 4 और 7 अप्रैल को इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा. खासकर 3 और 4 अप्रैल को उत्तर भारत के कई इलाकों में ओलावृष्टि हो सकती है, जबकि कश्मीर घाटी में तेज बारिश के आसार हैं. ऐसे में आइए जानते हैं आज के मौसम का हाल.

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-NCR और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. IMD के अनुसार, दोपहर तक बादल छाए रहेंगे.  वहीं, शाम को हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा  4-5 अप्रैल को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलेंगी.  तापमान में भी गिरावट आएगी और अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.

इन राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं, कई स्थानों पर 50–60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 4 और 5 अप्रैल को आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है. इसके अलावा मध्य भारत के कई राज्यों में 6 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. वहीं, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी तेज हवाओं के साथ आंधी-बारिश के आसार हैं.

दक्षिण भारत में हो सकती है हल्की बारिश

केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और तमिलनाडु में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान है. वहीं, मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

तापमान में गिरावट, हीटवेव से राहत

लगातार आ रहे इन पश्चिमी विक्षोभों की वजह से सबसे बड़ा असर तापमान पर पड़ेगा. कई इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे आ सकता है और हीटवेव की स्थिति फिलहाल टल जाएगी. ठंडी हवाओं और बादलों की वजह से मौसम सुहावना बना रहेगा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. वहीं, मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि 9 अप्रैल के बाद इन सिस्टम्स का असर धीरे-धीरे कम हो जाएगा और मौसम साफ होने लगेगा. इसके बाद एक बार फिर तापमान बढ़ने की संभावना रहेगी, लेकिन फिलहाल के लिए अप्रैल की शुरुआत में ही गर्मी पर लगा यह ब्रेक लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है.

किसानों और पशुपालकों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि जिन फसलों की कटाई तैयार है, उन्हें जल्द काटकर सुरक्षित स्थान पर रखें. ओलावृष्टि से बचाव के लिए बागवानी फसलों पर जाल या कवर का इस्तेमाल करें. खेतों में पानी निकासी की व्यवस्था बनाए रखें ताकि जलभराव से नुकसान न हो. तेज हवाओं के चलते फसलों और पौधों को सहारा देने की सलाह दी गई है. पशुपालकों को सलाह है कि बारिश और ओलावृष्टि के दौरान पशुओं को खुले में न रखें और चारे को सुरक्षित स्थान पर स्टोर करें.

MORE NEWS

Read more!