
देश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है. बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव अब चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की ओर बढ़ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, आज शाम तक इसके चक्रवाती तूफान और 17 नवंबर की शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान बनने की आशंका है. मौसम विभाग के अनुसार, 15 नवंबर की रात 11:30 बजे बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम हिस्से में बना गहरा दबाव (Deep Depression) 10.6 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 86.7 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास केंद्रित था. यह श्रीलंका के त्रिंकोमाली से करीब 640 किलोमीटर पूर्व-उत्तरपूर्व, चेन्नई से 760 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और विशाखापट्टनम से करीब 870 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व में स्थित था. इसके असर से दक्षिण भारत के कई राज्यों में आने वाले दिनों में भारी से बेहद भारी बारिश हो सकती है. वहीं, आज उत्तर भारत में सुबह के समय कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ाएगा. दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. आइए जानते हैं देश के अलग-अलग हिस्सों में आज मौसम कैसा रहने वाला है और आने वाले दिनों में किन राज्यों में बारिश का अलर्ट है…
मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण भारत में 16 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, रायलसीमा तथा तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. तमिलनाडु में 17 नवंबर को भारी बारिश और 18-19 नवंबर को बहुत भारी बारिश की आशंका है. तटीय आंध्र प्रदेश में 18 नवंबर से बारिश बढ़ सकती है. यहां 19-20 नवंबर को भारी से बहुत भारी और कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट है. रायलसीमा में 19-20 नवंबर और तेलंगाना में 20 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है.
उधर, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 16 नवंबर को कई स्थानों पर बारिश, गरज-चमक और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है. अरुणाचल प्रदेश में भी बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.
ओडिशा में 18 नवंबर से बारिश बढ़ने का अनुमान है. 19 से 21 नवंबर के दौरान बहुत भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. झारखंड में 19 से 21 नवंबर और गंगीय पश्चिम बंगाल में 19-20 नवंबर को बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. मिजोरम और त्रिपुरा में 19 नवंबर को भारी बारिश की संभावना है.
इधर, दिल्ली-एनसीआर में 16 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा. सुबह धुंध और हल्का कोहरा छाने की संभावना है. कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा भी रह सकता है. अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दोपहर में उत्तर-पश्चिम दिशा से हवाएं 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक चल सकती हैं.
उत्तर प्रदेश में 17 नवंबर तक सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने की आशंका है. इससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में फिलहाल कोई अलर्ट नहीं है.
आईएमडी के मुताबिक, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में आज बारिश का अनुमान नहीं है. हालांकि, छत्तीसगढ़ में 19-21 नवंबर, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में 20-21 नवंबर और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा समेत पश्चिम भारत में फिलहाल कोई महत्वपूर्ण मौसमी गतिविधि होने का अनुमान नहीं है.
बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में तेज हवाओं और ऊंची लहरों की आशंका को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है. 16 नवंबर की शाम से मध्य बंगाल की खाड़ी में हवाओं की रफ्तार बढ़ सकती है. 17 नवंबर से समुद्र की स्थिति और खराब होने का अनुमान है. मछुआरों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी गई है.