यूपी के 25 जिलों में खाद्य प्रसंस्करण यूनिट को 'Solar Energy' से जोड़ने की तैयारी, किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ

यूपी के 25 जिलों में खाद्य प्रसंस्करण यूनिट को 'Solar Energy' से जोड़ने की तैयारी, किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ

UP News: योजना में महिला उद्यमियों की टेक होम राशन और रेडी-टू-ईट इकाइयों को भी शामिल किया गया है. प्रदेश के विभिन्न जिलों में संचालित इन इकाइयों में सोलर पावर प्लांट लगाने से महिला उद्यमियों को उत्पादन संबंधी कार्यों में सहूलियत मिलेगी. इससे उनकी ऊर्जा लागत कम करने और कारोबार को विस्तार देने में मदद मिलेगी.

योगी सरकार ने 25 जिलों में 35 सोलर प्लांट की दी मंजूरीयोगी सरकार ने 25 जिलों में 35 सोलर प्लांट की दी मंजूरी
क‍िसान तक
  • LUCKNOW,
  • Nov 18, 2026,
  • Updated Nov 18, 2026, 8:23 AM IST

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को बढ़ावा देने और औद्योगिक इकाइयों की ऊर्जा लागत कम करने के लिए बड़ी पहल की है. इसके तहत प्रदेश के 25 जिलों में 35 सोलर प्लांट स्थापित करने एवं 1,000 करोड़ रुपये के 18 निवेश प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की मंजूरी दे दी है. इससे जहां एक ओर कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण प्रदेश में ही होगा, वहीं दूसरी ओर किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे.

48 को एसएलईसी के सामने भेजने की संस्तुति

अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण बाबू लाल मीणा ने बताया कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश प्रस्तावों की समीक्षा के लिए अप्रेजल समिति की बैठक हुई. बैठक में बताया गया कि 16 नवंबर तक विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर कुल 52 नए निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं. समिति ने नीति के प्रावधानों, निर्धारित पात्रता मानकों और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर इनका परीक्षण किया. विस्तृत समीक्षा के बाद 48 पूर्ण निवेश प्रस्तावों को आवश्यक शर्तों के अनुपालन के साथ राज्य स्तरीय अधिकार प्राप्त समिति (एसएलईसी) के समक्ष प्रस्तुत करने की संस्तुति की गई.

इन निवेश प्रस्तावों में बेकरी एवं बिस्कुट निर्माण, आटा और मैदा प्रसंस्करण, मसाला निर्माण, डेयरी एवं दुग्ध उत्पाद, नमकीन और अन्य खाद्य उत्पादों से संबंधित नई इकाइयों की स्थापना के साथ मौजूदा इकाइयों के विस्तार की योजनाएं शामिल हैं.

25 जिलों में 1,000 करोड़ के 18 प्रोजेक्ट को मंजूरी

अपर मुख्य सचिव ने बताया कि खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को पारंपरिक ऊर्जा पर निर्भरता से मुक्त करने के लिए सौर ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा दे रही है. इसके तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों के साथ महिला उद्यमियों की टेक होम राशन इकाइयों में सोलर पावर प्लांट स्थापित किए जाएंगे. इस पहल से उद्योगों की बिजली संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी और उनकी परिचालन लागत भी कम हो सकेगी.

उन्होंने बताया कि कानपुर नगर की मसाला निर्माण इकाई में 68 किलोवॉट, बरेली की पेलेट निर्माण इकाई में 80 किलोवॉट और एक अन्य इकाई में 160 किलोवॉट क्षमता का ऑनग्रिड सोलर प्लांट लगाया जाएगा.पीलीभीत की राइस मिल में 75 किलोवॉट और कानपुर देहात की राइस मिल में 68 किलोवॉट क्षमता का सोलर प्लांट प्रस्तावित है. इसी तरह प्रयागराज के मेजा क्षेत्र में ब्रेड एवं रस्क निर्माण इकाई में 100 किलोवॉट, वाराणसी की बेकरी इकाई में 75 किलोवॉट, शाहजहांपुर की आटा मिल में 68 किलोवॉट, फतेहपुर की नमकीन निर्माण इकाई में 75 किलोवॉट और प्रयागराज की नूडल्स निर्माण इकाई में 75 किलोवॉट क्षमता के सोलर प्लांट स्थापित करने की योजना है.

महिला उद्यमियों को भी मिलेगा सौर ऊर्जा का लाभ

योजना में महिला उद्यमियों की टेक होम राशन और रेडी-टू-ईट इकाइयों को भी शामिल किया गया है. प्रदेश के विभिन्न जिलों में संचालित इन इकाइयों में सोलर पावर प्लांट लगाने से महिला उद्यमियों को उत्पादन संबंधी कार्यों में सहूलियत मिलेगी. इससे उनकी ऊर्जा लागत कम करने और कारोबार को विस्तार देने में मदद मिलेगी. सरकार की इस पहल से छोटे उद्यमों को आधुनिक ऊर्जा संसाधनों से जोड़ने के साथ महिला उद्यमिता को भी प्रोत्साहन मिलेगा.

जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश

अप्रेजल समिति ने निवेश प्रस्तावों को आगे बढ़ाने के साथ इकाइयों के लिए जरूरी शर्तों के अनुपालन पर भी जोर दिया. मीणा ने बताया कि संबंधित इकाइयों को आवश्यक प्रमाणपत्र, पिछले दो वर्षों के आयकर और जीएसटी रिटर्न सहित अन्य जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए. साथ ही खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों में कच्चे माल की आपूर्ति स्थानीय किसानों और दुग्ध उत्पादकों के माध्यम से सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया. वहीं, इकाइयों को निर्धारित मानकों के अनुरूप अपनी उत्पादन क्षमता का उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए.

ये भी पढ़ें-

अमेरिका-जर्मनी समेत इन देशों में बढ़ी UP के फल-सब्जियों की डिमांड, 489 करोड़ तक पहुंचा निर्यात

सरसों का भाव MSP से 2400 रुपये पार, मंडी में 8600 रुपये पहुंचा रेट, किसानों की बल्ले-बल्ले

MORE NEWS

Read more!