
नांदेड़ में एक दर्दनाक मामला सामने आया है. यहां एक किसान ने खुदकुशी करने की कोशिश की. मामला ये है कि उस किसान को फसल बीमा का पैसा लेना था, लेकिन पैसा नहीं मिला. इससे पहले उसकी फसल भी खराब मौसम की भेंट चढ़ गई है. इसके एवज में किसान ने फसल बीमा का क्लेम मांगा. लेकिन किसान को इसलिए पैसे देने से इनकार कर दिया गया क्योंकि उसके अंगूठे के निशान नहीं मिल रहे थे. इससे तंग आकर किसान ने आत्महत्या करने की कोशिश की. लेकिन वहां तैनात पुलिस की सूझबूझ से किसान की जान बच गई. किसान का नाम पुंडलिक बोलके है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग किसान पुंडलिक बोलके ने जहरीली दवा पीने की कोशिश की. बुर्जुग किसान पुंडलिक बोलके ने आरोप लगाया है कि फसल बीमा के 29200 रुपये बैंक में जमा हुए, लेकिन निकालने गए तो उन्हें पैसे नहीं दिए गए. किसान पुंडलिक ने आरोप लगाया कि उनके फसल बीमा के पैसे चिंचगावन स्थित सेतु सुविधा केंद्र (ऑनलाइन सेंटर) के चालक पांडुरंग नानारे ने निकाल लिए हैं.
पुंडलिक ने कहा, मेरे फसल बीमा का पैसा हदगांव के एक सेतु केंद्र में जमा हुआ था. बाद में फसल खराब होने के बाद किसान पुंडलिक बोलके अपना जमा पैसा निकालने के लिए सेतु सुविधा केंद्र पर गए. लेकिन केंद्र के चालक पांडुरंग नानारे ने पैसे देने से इनकार कर दिया. पांडुरंग ने कहा कि आपका अंगूठा फिट नहीं है. इसलिए खाते से राशि नहीं निकाली जा सकती है. इसके बाद किसान पुंडलिक तीन-चार महीने लगातार पांडुरंग नानारे के पास चक्कर मारते रहे. लेकिन उन्हें कहा गया कि खाते में पैसे नहीं आए.
ये भी पढ़ें: ...इसलिए जरूरी है किसानों को अनाज पर सब्सिडी देना, WTO में भारत ने ऐसे रखा अपना पक्ष
पैसे नहीं मिलने से नाराज इस बुर्जुग किसान ने आखिरकार मनाठा पुलिस स्टेशन का दरवाजा खटखटाया. किसान पुंडलिक ने शिकायत सेतु केंद्र के चालक के खिलाफ पैसे वसूलने की औपचारिक शिकायत दर्ज करानी चाही. मगर वहां भी कोई मदद नहीं मिली. थाने में किसान की बात नहीं सुनी गई. थाने के एपीआई चव्हाण ने शिकायत नहीं लिखी तो बुजुर्ग किसान ने खुदकुशी करने की कोशिश की. किसान पुंडलिक बोलके ने जिला कार्यालय में जहर पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की. एहतियात के तौर पर पुलिस ने तुरंत किसान को हिरासत में ले लिया, सौभाग्य से किसान की जान बच गई.