El Nino से दुनियाभर में खेती को बड़ा झटका! भारत में चावल, गेहूं और दलहन पर खतरा, क्‍या बोले एक्‍सपर्ट?

El Nino से दुनियाभर में खेती को बड़ा झटका! भारत में चावल, गेहूं और दलहन पर खतरा, क्‍या बोले एक्‍सपर्ट?

अल नीनो की आशंका से 2027 में वैश्विक कृषि उत्पादन, खाद्य सुरक्षा और महंगाई पर असर पड़ने का खतरा है. ट्रेड एक्‍सपर्ट्स का कहना है कि भारत में चावल उत्पादन 5 फीसदी और गेहूं का रकबा 6 फीसदी घट सकता है. दालों का आयात भी 59 फीसदी बढ़ा है. हालांकि, वैश्विक गेहूं की बढ़ती आपूर्ति से कीमतों को राहत मिल सकती है.

el nino and agricultureel nino and agriculture
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Nov 22, 2026,
  • Updated Nov 22, 2026, 1:08 PM IST

दुनिया के कई हिस्सों में अल नीनो का असर कृषि और मौसम के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है. विशेषज्ञों को चिंता है कि इसके चलते खेती, कृषि उत्पादन, फसलों की सप्लाई और उपलब्धता प्रभावित हो सकती है, जिसका असर खाद्य कीमतों और महंगाई पर भी पड़ सकता है. इस बीच, वैश्विक निवेश प्रबंधन कंपनी फ्रैंकलिन टेम्पलटन ने अल नीनो से जुड़े संभावित जोखिमों को रेखांकित किया है. ट्रेड, कृषि जिंसों की सप्लाई और वेयरहाउसिंग के जानकार गौरव कोचर ने इन जोखिमों का जिक्र करते हुए 2027 में भारत समेत दुनियाभर के कृषि उत्पादन पर बड़े संकट की आशंका जताई है.

भारत में चावल उत्पादन घटने का डर

कोचर के मुताबिक, भारत में इस साल मॉनसूनी बारिश में 13 फीसदी की कमी रही है. यह बीते एक दशक का सबसे सूखा साल है. उनका कहना है कि मार्केटिंग ईयर 2026-27 में चावल का उत्पादन 5 फीसदी तक घट सकता है. ऐसा हुआ तो 2014-15 के बाद पहली बार सालाना उत्पादन में गिरावट दर्ज होगी.

गेहूं में 26 साल की सबसे बड़ी गिरावट?

कोचर ने बताया कि आगामी सीजन में भारत में गेहूं का रकबा करीब 6 फीसदी घटने की उम्मीद है. बताया जा रहा है कि यह बीते 26 साल की सबसे बड़ी गिरावट होगी. कमजोर मॉनसून, कम नमी और पानी की चिंता किसानों को कम पानी वाली फसलों की ओर ले जा रही है.

दालों का आयात 59 फीसदी उछला

कोचर के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-सितंबर अवधि में भारत का दालों का आयात सालाना आधार पर 59 फीसदी बढ़कर 24 लाख टन रहा. आयात का मूल्य 35 फीसदी बढ़कर 1.43 अरब डॉलर हो गया. पूरे वित्त वर्ष में यह आंकड़ा 60 लाख टन तक पहुंच सकता है.

उनका कहना है कि घरेलू कमी पूरी करने के लिए विदेशी आपूर्ति पर निर्भरता तेजी से बढ़ रही है. इस अवधि में मसूर का आयात 235 फीसदी बढ़कर 7.6 लाख टन रहा. पीली मटर का आयात 84 फीसदी बढ़कर 6.3 लाख टन पहुंचा. अरहर का आयात 8 फीसदी बढ़कर 4.8 लाख टन रहा. वहीं उड़द का आयात 4 फीसदी घटकर 3.8 लाख टन रह गया.

खरीफ दलहन का रकबा बढ़ा, पर पैदावार पर संकट

राहत की बात यह है कि खरीफ दलहन का रकबा 1.42 फीसदी बढ़कर 1.184 करोड़ हेक्टेयर हो गया है. हालांकि, महाराष्ट्र और कर्नाटक के प्रमुख उत्पादक इलाकों में कम बारिश से पैदावार को नुकसान पहुंचने की बात कही जा रही है. कोचर ने कहा कि असली चिंता अब रबी 2026-27 को लेकर है. चना और मसूर की बुवाई सर्दियों की बारिश, मिट्टी की नमी और तापमान पर निर्भर करेगी.

खुदरा बाजार में दालें पहले से महंगी

कोचर के दिए आंकड़ों के अनुसार, खुदरा बाजार में अरहर 136.11 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई, जो सालाना आधार पर 17 फीसदी अधिक है. उड़द 127.14 रुपये प्रति किलो रही, जिसमें 12 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. चना 95.76 रुपये प्रति किलो रहा, जो 10 फीसदी महंगा है.

आयात फिर भारी निर्भरता की ओर

कोचर ने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 में भारत ने 5.54 अरब डॉलर की दालें आयात की थीं. मजबूत घरेलू फसल और सुस्त मांग के चलते 2025-26 में आयात 34 फीसदी घटकर 3.63 अरब डॉलर रह गया था. अगर इस साल आयात 60 लाख टन तक पहुंचा, तो ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, म्यांमार, ब्राजील और अफ्रीकी आपूर्तिकर्ताओं की भूमिका अहम हो जाएगी.

इंडोनेशिया में 2027 में पाम ऑयल उत्पादन 9 फीसदी घटने का अनुमान है. मलेशिया में 2015-16 के अल नीनो के दौरान उत्पादन सालाना आधार पर 8 फीसदी गिरा था. अक्टूबर-दिसंबर में सामान्य से कम बारिश की आशंका से चावल, पाम ऑयल और अन्य जिंसों को लेकर चिंता बढ़ी है.

दक्षिण अमेरिका में महंगाई बढ़ने की आशंका

कोचर के मुताबिक, दक्षिण अमेरिका के कुछ हिस्सों में बाढ़ का जोखिम बढ़ने से खेती और खनन गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं. चिली का तांबा उत्पादन अगस्त में सालाना आधार पर 13 फीसदी घट चुका है. ऐतिहासिक अध्ययनों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि बड़ा अल नीनो वैश्विक खाद्य कीमतों को 5 से 15 फीसदी तक बढ़ा सकता है. इससे वैश्विक महंगाई में 0.5 से 1 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी भी संभव है.

वैश्विक गेहूं बाजार से राहत

राहत की बात है कि वैश्विक गेहूं की आपूर्ति मजबूत है. इंटरनेशनल ग्रेन्स काउंसिल ने 2026-27 के लिए विश्व गेहूं उत्पादन का अनुमान 60 लाख टन बढ़ाकर 82.6 करोड़ टन कर दिया है. खपत का अनुमान सिर्फ 10 लाख टन बढ़ा है. वैश्विक अंतिम स्टॉक का अनुमान 40 लाख टन बढ़कर 28.3 करोड़ टन हो गया है. कोचर के मुताबिक, इससे गेहूं में टिकाऊ तेजी मुश्किल हो गई है.

अर्जेंटीना और फ्रांस से भी कीमतों पर दबाव

अर्जेंटीना में कटाई जारी है और पैदावार उम्मीद से बेहतर बनी हुई है. फ्रांस में 16 नवंबर तक गेहूं की बुवाई 98 फीसदी पूरी हो चुकी थी. वहां 94 फीसदी फसल अच्छी या बहुत अच्छी स्थिति में है. कोचर के मुताबिक, 2027 का अहम सवाल यह होगा कि क्या भारत में रकबे और पैदावार का नुकसान वैश्विक गेहूं की आरामदायक स्थिति पर भारी पड़ेगा? कोचर का कहना है कि कुछ क्षेत्रों को इससे लाभ भी मिल सकता है. चावल, चीनी और पाम ऑयल के दाम बढ़ने से कृषि उपकरणों की मांग फिर जोर पकड़ सकती है. तापमान बढ़ने से कूलिंग और एचवीएसी सिस्टम की मांग भी तेज हो सकती है.

MORE NEWS

Read more!