सूखे की मार से उजड़ा 6 साल पुराना संतरे का बाग, किसान ने कुल्हाड़ी से काटे पेड़, लाखाें रुपये डूबे

सूखे की मार से उजड़ा 6 साल पुराना संतरे का बाग, किसान ने कुल्हाड़ी से काटे पेड़, लाखाें रुपये डूबे

महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में सूखे और पानी की कमी ने किसान वैभव सोनटक्के को अपना छह साल पुराना संतरे का बाग काटने पर मजबूर कर दिया. दो एकड़ में फैले इस बाग को तैयार करने में उन्होंने ढाई से तीन लाख रुपये खर्च किए थे.

orange orchard cutting hingoli newsorange orchard cutting hingoli news
ज्ञानेश्वर उंडाल
  • Hingoli,
  • Nov 22, 2026,
  • Updated Nov 22, 2026, 1:36 PM IST

महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में सूखे की मार ने एक किसान की छह साल की मेहनत पर पानी फेर दिया. पानी की कमी से संतरे के पेड़ सूखने लगे तो किसान को अपना तैयार बाग खुद अपने हाथों से उजाड़ना पड़ा. जिस बाग को खड़ा करने और संवारने में छह साल लगे, उसे बचाने की उम्मीद टूटने के बाद किसान ने पेड़ों पर कुल्हाड़ी चला दी. इस बाग को तैयार करने में करीब ढाई से तीन लाख रुपये खर्च हुए थे.

पानी की कमी से सूखने लगे छह साल पुराने पेड़

हिंगोली जिले की वसमत तहसील के पांगरा शिंदे गांव के किसान वैभव सोनटक्के ने करीब छह साल पहले दो एकड़ में संतरे का बाग लगाया था. उन्होंने लंबे समय तक मेहनत करके पेड़ों को बड़ा किया और बाग तैयार किया. इस पर अब तक करीब ढाई से तीन लाख रुपये खर्च हो चुके थे. लेकिन लगातार मौसम की मार और मौजूदा सूखे के कारण बाग में पानी का संकट गहरा गया. सिंचाई नहीं होने से संतरे के पेड़ धीरे-धीरे सूखने लगे.

संतरे के बाग से ज्यादा पशुओं के चारे को दी प्राथमिकता

किसानों के सामने पानी को लेकर दोहरी चुनौती खड़ी हो गई. उनके पास सीमित मात्रा में पानी उपलब्ध है, जिससे संतरे के पेड़ों और पशुओं के चारे में से किसी एक को प्राथमिकता देना जरूरी हो गया. ऐसे में उन्होंने बाग को पानी देने के बजाय पशुओं के चारे को बचाना जरूरी समझा. पानी के अभाव में बाग को बचाना मुश्किल हो गया और आखिरकार उन्हें अपने छह साल पुराने संतरे के पेड़ों को काटना पड़ा.

आंखों के सामने उजड़ गई छह साल की मेहनत

वैभव सोनटक्के ने जिस बाग को बड़ी उम्मीदों के साथ तैयार किया था, आज उसी के पेड़ों को कुल्हाड़ी से काटना उनकी मजबूरी बन गया. सूख चुके और सूखने की कगार पर पहुंचे पेड़ों को काटकर जमीन पर गिराना पड़ा. इस घटना ने सूखे की स्थिति में बागवानी करने वाले किसानों के सामने खड़े आर्थिक संकट को भी उजागर किया है. किसान की चिंता है कि बाग पर किया गया लाखों रुपये का निवेश बर्बाद हो गया और अब आगे की खेती के लिए भी आर्थिक मुश्किलें खड़ी हो गई हैं.

सरकार से आर्थिक मदद और पशुओं के चारे की मांग

किसान वैभव सोनटक्के का कहना है कि उन्हें अब तक सरकार की ओर से कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली है. उन्होंने सरकार से सूखे के कारण हुए नुकसान के लिए आर्थिक मदद देने की मांग की है. इसके साथ ही उन्होंने पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था करने की भी अपील की है. उनका कहना है कि सूखे के कारण खेती के साथ पशुओं को पालना भी मुश्किल होता जा रहा है.

MORE NEWS

Read more!