
हरियाणा सरकार ने गन्ना उत्पादक किसानों को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी का बड़ा फैसला लागू कर दिया है. अब 4 फुट की दूरी पर चौड़ी कतारों में गन्ना रोपण करने वाले किसानों को 5 हजार रुपए प्रति एकड़ दिए जाएंगे, जो पहले 3 हजार रुपए प्रति एकड़ थे. कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने विभागीय समीक्षा बैठक के बाद जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बजट में की गई घोषणा को अब मंजूरी दे दी गई है. इसका उद्देश्य आधुनिक तकनीकों को अपनाने के साथ किसानों की आय बढ़ाना है.
इस योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को पोर्टल के माध्यम से 15 अक्तूबर 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक आवेदन करना होगा. इसके बाद फरवरी 2027 के अंत तक भौतिक सत्यापन पूरा कर प्रोत्साहन राशि किसानों के खातों में भेज दी जाएगी.
सरकार ने एकल-आंख विधि से गन्ना बुवाई करने वाले किसानों के लिए भी प्रोत्साहन राशि 3 हजार से बढ़ाकर 5 हजार रुपए प्रति एकड़ कर दी है. इससे कम लागत में बेहतर उत्पादन हासिल करने में मदद मिलेगी.
मंत्री ने बताया कि राज्य की सहकारी चीनी मिलें अपने क्षेत्र के किसानों को शुगरकेन हार्वेस्टर मशीन उपलब्ध कराएंगी. इससे फसल कटाई की लागत कम होगी और समय की बचत भी होगी.
गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए टिश्यू कल्चर तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है. इस तकनीक से तैयार पौध किसानों को मुफ्त दी जाएगी. करनाल सहकारी चीनी मिल द्वारा तैयार पौध अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच किसानों को उपलब्ध कराई जाएगी.
मंत्री ने कहा कि ये पहलें राज्य में आधुनिक खेती को बढ़ावा देने, उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगी. बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार और निदेशक राजनारायण कौशिक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.