ट्रैक्टर खरीदने पर किसानों को 3 लाख रुपये तक मदद दे रही सरकार, 15 दिसंबर तक करें आवेदन

ट्रैक्टर खरीदने पर किसानों को 3 लाख रुपये तक मदद दे रही सरकार, 15 दिसंबर तक करें आवेदन

हरियाणा सरकार अनुसूचित जाति के किसानों को 45 हॉर्स पावर से अधिक क्षमता वाले नए ट्रैक्टर की खरीद पर 3 लाख रुपये तक का अनुदान दे रही है. पात्र किसान 15 दिसंबर 2026 तक कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. योजना के लिए जमीन, पंजीकरण और ट्रैक्टर खरीद से जुड़ी शर्तें निर्धारित की गई हैं.

Tractor Subsidy HaryanaTractor Subsidy Haryana
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Nov 16, 2026,
  • Updated Nov 16, 2026, 7:16 PM IST

हरियाणा सरकार अनुसूचित जाति के किसानों को नया ट्रैक्टर खरीदने के लिए 3 लाख रुपये तक की सब्सिडी देगी. कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की इस योजना के तहत 45 हॉर्स पावर (HP) से अधिक क्षमता वाले नए ट्रैक्टर की खरीद पर आर्थिक मदद मिलेगी. पात्र किसान 15 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. हालांकि, योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को जमीन, रजिस्‍ट्रेशन और ट्रैक्टर खरीद से जुड़ी कई शर्तें पूरी करनी होंगी.

हरियाणा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने अनुसूचित जाति के किसानों के लिए यह योजना लागू की है. योजना के तहत 45 हॉर्स पावर से अधिक क्षमता वाले नए ट्रैक्टर की खरीद पर अधिकतम 3 लाख रुपये की सब्सिडी दी जाएगी. विभाग के अनुसार, योजना का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों और ट्रैक्टर की सुविधा उपलब्ध कराकर उनकी कृषि कार्यक्षमता बढ़ाना और आय में वृद्धि करना है.

15 दिसंबर तक यहां करें ऑनलाइन आवेदन

विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान 15 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक कृषि विभाग के पोर्टल agriharyana.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. अगर किसी जिले में निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं तो लाभार्थियों का चयन ड्रा ऑफ लॉट्स के माध्यम से किया जाएगा. यह प्रक्रिया संबंधित जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की देखरेख में पूरी होगी.

ट्रैक्टर सब्सिडी के लिए ये किसान होंगे पात्र

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक के पास स्वयं की कृषि भूमि होना जरूरी है. परिवार पहचान पत्र (PPP) में परिवार के किसी अन्य सदस्य के नाम दर्ज भूमि को भी मान्य किया जाएगा. इसके अलावा किसान का 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल पर रजिस्‍ट्रेशन होना अनिवार्य है.

ऑनलाइन आवेदन करते समय किसान को भूमि स्वामित्व का प्रमाण पत्र और निर्धारित अंडरटेकिंग विभागीय पोर्टल पर अपलोड करनी होगी. एक अन्य महत्वपूर्ण शर्त यह है कि आवेदक ने पिछले पांच वर्षों के दौरान कृषि विभाग से ट्रैक्टर खरीद पर कोई अनुदान प्राप्त नहीं किया होना चाहिए.

5 साल तक नहीं बेच सकेंगे ट्रैक्टर

योजना के तहत अनुदान प्राप्त करने वाले किसान अगले पांच वर्षों तक अपना ट्रैक्टर नहीं बेच सकेंगे. इस शर्त को पूरा करने के लिए आवेदक को आवेदन के समय पोर्टल पर शपथ पत्र भी अपलोड करना होगा.

विभाग मुख्यालय स्तर पर 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल पर पंजीकृत अनुसूचित जाति के किसानों की संख्या के आधार पर जिलावार लक्ष्य निर्धारित करेगा. लाभार्थी के चयन के बाद परमिट जारी किया जाएगा. परमिट मिलने के 15 दिनों के भीतर किसान को विभाग द्वारा अनुमोदित ट्रैक्टर निर्माता से नया ट्रैक्टर खरीदना होगा.

बैंक खाते से ऑनलाइन भुगतान अनिवार्य

ट्रैक्टर की पूरी कीमत का भुगतान लाभार्थी किसान को अपने बैंक खाते से ऑनलाइन माध्यम से करना होगा. नकद भुगतान किसी भी स्थिति में मान्य नहीं होगा. खरीद के बाद जिला स्तरीय कार्यकारी समिति ट्रैक्टर का भौतिक सत्यापन करेगी. सभी निर्धारित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अनुदान की राशि सीधे किसान के बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी जाएगी.

MORE NEWS

Read more!