
कभी घर का खर्च चलाने के लिए पैसों की किल्लत झेलने वाली उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले की संगीता यादव आज अपनी मेहनत और हौसले के दम पर लखपति दीदी बन चुकी हैं. वे न सिर्फ खुद कमा रही हैं, बल्कि गांव की दर्जनों महिलाओं को रोजगार भी दे रही हैं.
अमेठी ब्लॉक के कटरा फूलकुंवर गांव की रहने वाली संगीता यादव साल 2009 से स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं. शुरुआत में उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी और घर चलाने तक के लिए पैसे की परेशानी रहती थी.
इसी दौरान गांव की महिलाओं के तानों ने संगीता के अंदर कुछ कर गुजरने का जुनून पैदा किया. उन्होंने दो गाय और एक भैंस के सहारे डेयरी उत्पाद बनाने का काम शुरू किया. शुरुआत आसान नहीं थी. कारोबार के बीच ही बीमारी की वजह से उनकी गाय और भैंस की मौत हो गई, लेकिन संगीता ने हार नहीं मानी.
इसके बाद उन्होंने समूह से जुड़ी दूसरी महिलाओं से दूध खरीदकर पनीर, खोया, घी समेत कई डेयरी उत्पाद बनाना शुरू किया. धीरे-धीरे बाजार में उनके उत्पादों की मांग बढ़ने लगी. कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने लोन लेकर दोबारा गाय और भैंस खरीदीं. आज उनके उत्पादों की बाजार में अच्छी मांग है.
संगीता की कामयाबी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कभी घर के खर्च के लिए परेशान रहने वाली संगीता अब पति और बच्चों के साथ तीन बार विदेश यात्रा कर चुकी हैं. डेयरी कारोबार के साथ वे आयुर्वेदिक दवाओं से महिलाओं का इलाज भी करती हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति बदलने के बाद अब वे डॉक्टरी की पढ़ाई भी कर रही हैं.
संगीता की सफलता गांव की दूसरी महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही है. कभी उन्हें ताने देने वाली महिलाएं आज उनके साथ जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की कोशिश कर रही हैं. संगीता का कहना है कि अगर हौसला और मेहनत का जुनून हो, तो सीमित संसाधनों से भी बड़ी कामयाबी हासिल की जा सकती है.(अभिषेक कुमार त्रिपाठी की रिपोर्ट)