Padamshri Farmer Nekram Sharma: एक खेत में लगाए नौ अनाज, लौटी फसलों की रौनक, मिला पद्मश्री

Padamshri Farmer Nekram Sharma: एक खेत में लगाए नौ अनाज, लौटी फसलों की रौनक, मिला पद्मश्री

एक खेत में एक फसल लगाने वाले किसानों से एकदम अलग हिमाचल प्रदेश के नेकराम शर्मा ने एक ही खेत में वो नौ अनाज लगाए जिन्हें लोग भूल चुके थे। इसके बाद उन्हें Millet Man भी कहा जाने लगा। पढ़ें किसान तक की Bharat Agriculture Conference में आए नेकराम शर्मा की पूरी कहानी

Padamshri farmer Nekram Sharma Padamshri farmer Nekram Sharma
क‍िसान तक
  • Nov 16, 2026,
  • Updated Nov 16, 2026, 3:50 PM IST

एक समय था जब किसान सिर्फ एक या दो फसलें नहीं उगाते थे। ज्यादातर जगहों पर एक ही खेत में अलग-अलग तरह के अनाज, दालें और पारंपरिक फसलें उगती थीं। इससे किसान को भोजन की विविधता मिलती थी और खेत की सेहत भी बनी रहती थी। लेकिन बदलती खेती और रासायनिक इनपुट के बढ़ते इस्तेमाल के साथ कई पारंपरिक फसलें और उनके बीज खेतों से गायब होने लगे। इसी बदली परिस्थिति को देखते हुए हिमाचल प्रदेश के करसोग के किसान नेक राम शर्मा ने खेती की बुनियाद को वापस लाने का फैसला लिया। और आज उन्हें ‘मिलेट मैन’ के नाम से जाना जाता है।

एक खेत में नौ अनाज

नेक राम शर्मा ने‘नौ-अनाज’ खेती की शुरुआत की। इस प्रणाली में एक ही खेत में नौ तरह के पारंपरिक अनाजों को साथ उगाया जाता है। इनमें रागी, बाजरा, ज्वार, सांवा, कोदो, कुटकी, जैसे तमाम मोटे अनाज शामिल हैं। यह पारंपरिक मिश्रित खेती का ऐसा मॉडल है जिसमें अलग-अलग फसलों की जरूरतें एक-दूसरे के साथ संतुलित होती हैं। नेक राम के अनुसार नौ-अनाज प्रणाली में पानी की खपत कम होती है और जमीन की उर्वरता बनाए रखने में मदद मिलती है। 

खेत में आए भूले-बिसरे अनाज

उन्होंने महसूस किया कि कई पारंपरिक अनाज विलुप्त होने की कगार पर पहुंच रहे हैं। इसलिए उन्होंने सिर्फ खेती करने के बजाय उनके बीजों को इकट्ठा करना और संरक्षित करना शुरू किया। आज उनके पास करीब 40 प्रकार के अनाजों का सीड बैंक भी है। उन्होंने छह राज्यों के 10 हजार से ज्यादा किसानों तक स्वदेशी बीज भी पहुंचाए हैं। और खास बात यह है कि इन बीजों को किसानों तक पहुंचाने का उनका मॉडल सिर्फ व्यावसायिक बिक्री पर आधारित नहीं रहा। कई किसानों को उन्होंने बीज मुफ्त में भी उपलब्ध कराए। 

बीज से बड़ा बनाया किसान का नेटवर्क

नेक राम शर्मा का काम अपने खेत तक सीमित नहीं है। उन्होंने आसपास के किसानों को पारंपरिक खेती और स्थानीय बीजों के फायदे समझाने शुरू किए। उन्होंने किसानों को रासायनमुक्त खेती, पारंपरिक फसल प्रणाली और स्वदेशी बीजों के संरक्षण से जोड़ा। इस तरह उनका खेत धीरे-धीरे एक तरह की जीवित प्रयोगशाला बन गया-जहां पुरानी फसलें सिर्फ संरक्षित नहीं हुईं, बल्कि दोबारा खेती में लौटने लगीं।

पद्मश्री से सम्मानित हुए ‘मिलेट मैन’

पारंपरिक नौ-अनाज प्रणाली को पुनर्जीवित करने और स्वदेशी बीजों के संरक्षण में उनके योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया। आज नेक राम शर्मा की कहानी उस दौर की याद दिलाती है जब खेती का मतलब सिर्फ ज्यादा उत्पादन नहीं, बल्कि मिट्टी, बीज और भोजन की विविधता को बचाना भी था। एक खेत में नौ अनाज उगाने वाले इस किसान ने हजारों किसानों तक देसी बीज पहुंचाए। यानी खेती भी की और खेती के भविष्य को भी बचाया।

 

MORE NEWS

Read more!