
हरियाणा में गन्ने के भाव को लेकर किसानों का गुस्सा अब आंदोलन की शक्ल लेने लगा है. रोहतक की भाली शुगर मिल में संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) हरियाणा के बैनर तले गन्ना किसानों की महापंचायत हुई. इसमें किसानों ने सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान किया. किसानों ने मांग की कि गन्ने का भाव 430 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए.
किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने उनकी मांगों पर बातचीत नहीं की, तो 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय का घेराव किया जाएगा. नेताओं का कहना है कि मौजूदा भाव में खेती की लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है.
महापंचायत में प्रदेशभर से किसान संगठनों के प्रतिनिधि पहुंचे. भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जोगिंदर घासीराम नैन ने कहा कि सरकार ने गन्ने के भाव में केवल 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है. दूसरी ओर, गन्ने की छिलाई का खर्च ही 50 रुपये से बढ़कर 75 से 80 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है.
उन्होंने कहा कि खाद, बीज, दवाइयों और मजदूरी का खर्च लगातार बढ़ रहा है, लेकिन किसानों को लागत के अनुसार भाव नहीं मिल रहा. उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि वे 1 दिसंबर तक किसान संगठनों से बातचीत कर मांगों का समाधान करें.
किसान नेता सुमित दलाल ने कहा कि किसान लंबे समय से गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे हैं. लेकिन सरकार ने सिर्फ 15 रुपये बढ़ाकर भाव 430 रुपये किया है. उनका कहना था कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा.
किसान नेताओं ने पड़ोसी राज्य पंजाब का उदाहरण भी दिया, जहां गन्ने का भाव 485 रुपये प्रति क्विंटल है. उन्होंने मांग की कि हरियाणा में भी भाव बढ़ाया जाए.
महापंचायत में तय किया गया कि अगर सरकार ने मांगों पर सुनवाई नहीं की, तो 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा. किसान संगठनों ने साफ किया है कि मांगें न मानी गईं तो आंदोलन और तेज होगा.