
भारत और अमेरिका के बीच बहु प्रतीक्षित ट्रेड डील हो गई है. इस समझौते से मेड इन इंडिया सामान अब अमेरिका में सस्ते दामों पर पहुंच सकेंगे. इससे भारत के उद्योगों को बड़ा फायदा मिलेगा. इस डील से भारतीय किसानों को भी फायदा होने की उम्मीद जताई जा रही है क्योंकि अमेरिका भारतीय कृषि उत्यादों का सबसे बड़ा ग्राहक है. बहरहाल, ट्रेड डील के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलान किया है कि भारत पर लगने वाला टैरिफ अब 25% से घटाकर 18% कर दिया गया है. इसका मतलब है कि भारत में बने सामान अब अमेरिका में पहले से सस्ते होंगे. इससे भारतीय कंपनियों और किसानों को अपने उत्पाद बेचने में आसानी होगी.
हालांकि, अब तक यह साफ नहीं हुआ है कि अमेरिका के जेनेटिकली मोडिफाइड सोयाबीन, मक्का और डेयरी उत्पादों पर कोई फैसला हुआ है या नहीं. क्योंकि इन्हीं मुद्दों पर लंबे समय से ट्रेड डील अटकी हुई थी. भारत सरकार ने अमेरिका से दो टूक कह दिया था कि हम अमेरिका से मक्का, सोयाबीन और डेयरी उत्पादों को आयात नहीं करेंगे. हम अपने किसानों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे. लेकिन अब ट्रेड डील हो गई है तो किसान यह जानना चाहते हैं कि इन मुद्दों पर भारत सरकार ने क्या स्टैंड लिया. इन मुद्दों पर सरकार ने कोई ढील दी है या फिर वह पुराने स्टैंड पर कायम है, इस बारे में अब तक कोई तस्वीर साफ नहीं हुई है.
डायरेक्टरेट जनरल ऑफ कमर्शियल इंटेलिजेंस एंड स्टैटिस्टिक्स (DGCIS) के मुताबिक, 2024-25 में भारत ने अमेरिका को कुल 4,50,840 करोड़ रुपये की कृषि उपज का एक्सपोर्ट किया, जिसमें से 52,874 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी अकेले अमेरिका की है. भारत सबसे ज्यादा कृषि उपज अमेरिका को ही निर्यात करता है. दूसरी ओर, अमेरिका से भारत में कृषि उपज का आयात मात्र 18,587.54 करोड़ रुपये का हुआ है. इसलिए अमेरिका हमारे कृषि उत्पादों के निर्यात के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. उम्मीद जताई जा रही है कि टैरिफ कम होने का फायदा भारतीय कृषि क्षेत्र को भी होगा. भारत में अमेरिका से सेब, अखरोट, बादाम, पिस्ता, कपास, ईथेनॉल और कुछ डेयरी उत्पाद आयात किए जाते हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस डील पर खुशी जताई. उन्होंने सोशल मीडिया X पर कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके उन्हें बहुत अच्छा लगा. पीएम मोदी ने बताया कि मेड इन इंडिया उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18% हो गया है. उन्होंने भारत के 140 करोड़ लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद कहा.
राष्ट्रपति ट्रंप ने भी पीएम मोदी की तारीफ की. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी उनके अच्छे दोस्त हैं और भारत के मजबूत नेता हैं. ट्रंप ने कहा कि यह ट्रेड डील भारत और अमेरिका के रिश्तों को और मजबूत करेगी.
ये भी पढ़ें:
Animal Husbandry: गाय-भैंस की कम संख्या होने पर भी महिलाएं कमा सकती हैं ज्यादा मुनाफा, ये है तरीका
दिल्ली-NCR में ठंड का नया दौर: पश्चिमी विक्षोभ से बारिश, कोहरा और तापमान में तेज गिरावट