PHOTOS: सिजहरी गांव में सजा किसान कारवां का मंच, किसानों ने सीखी खेती की नई तकनीक

फोटो गैलरी

PHOTOS: सिजहरी गांव में सजा किसान कारवां का मंच, किसानों ने सीखी खेती की नई तकनीक

  • 1/8

आज महोबा के सिजहरी गांव में ‘किसान तक’ का किसान कारवां पहुंचा. उत्तर प्रदेश सरकार और इंडिया टुडे ग्रुप के साझा प्रयास से चल रहे इस किसान कारवां की 75 जिलों की व्यापक कवरेज के तहत यह 21वां पड़ाव रहा.

  • 2/8

किसान कारवां के पहले चरण में कृषि विज्ञान केंद्र महोबा की महिला वैज्ञानिक डॉ. अमृता ने किसानों को कृषि विज्ञान केंद्र की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया. उन्होंने कहा कि जिस तरह सरकारी अस्पताल में एक रुपये के पर्चे पर इलाज होता है, उसी तरह कृषि विज्ञान केंद्र किसानों का अस्पताल है.

  • 3/8

दूसरे चरण में पशुपालन विभाग के उप पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश पाल ने बताया कि पशुपालन केवल दुग्ध उत्पादन तक सीमित नहीं है. गोबर और गोमूत्र के प्रयोग से खेती में कार्बनिक तत्व बढ़ते हैं, जिससे मिट्टी का स्वास्थ्य बेहतर होता है.

  • 4/8

किसान कारवां के तीसरे चरण में महोबा के जिला कृषि अधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही खेत तालाब योजना विशेष रूप से बुंदेलखंड क्षेत्र के किसानों के लिए बनाई गई है.  उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग की स्प्रिंकलर योजना में किसानों को 90 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है. 

  • 5/8

चौथे चरण में महोबा की मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन सिंह ने पशुपालकों को पशुओं के सही पोषण और देखभाल की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि हरे और सूखे चारे का सही अनुपात बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि तीन भाग सूखा चारा और एक भाग हरा चारा मिलाकर खिलाने से बेहतर परिणाम मिलते हैं.

  • 6/8

पांचवें चरण में सिजहरी गांव के प्रधान नरेश राजपूत ने बताया कि गांव वासियों के सहयोग से उन्होंने सिजहरी को मॉडल विलेज के रूप में विकसित किया है. उन्होंने जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए बताया कि पशुओं के गोबर का सही तरीके से संग्रह और खेतों में प्रयोग करने से न केवल मिट्टी बल्कि किसानों का स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है.

  • 7/8

छठे चरण में जादूगर सलमान ने रोचक अंदाज में पशुपालन और जैविक खेती के फायदे बताए. उन्होंने कहा कि पशुपालन से परिवार स्वस्थ रहता है और खेती भी खुशहाल बनती है. 

  • 8/8

कार्यक्रम के अंतिम चरण में लकी ड्रा का आयोजन किया गया, इसमें 500 रुपये के 10 लकी ड्रा निकाले गए. वहीं, पहला पुरस्कार हरदयाल को मिला, जिन्हें 3000 रुपये की नकद राशि दी गई. दूसरा पुरस्कार समूह सखी प्रियंका गुप्ता ने जीता, जिन्हें 2000 रुपये की राशि दी गई.

Latest Photo