
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहबाद में मंगलवार को धान की सरकारी खरीद जल्द शुरू करने की मांग को लेकर किसानों ने प्रदर्शन किया. भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के सदस्य और सैकड़ों किसान सुबह से ही शहीद उधम सिंह स्मारक के पास जमा हुए थे. किसानों की मांग थी कि सरकार सरकारी खरीद केंद्रों पर धान की खरीद तुरंत शुरू करें. प्रदर्शन के दौरान किसान दिल्ली-चंडीगढ़ GT रोड की तरफ बढ़ गए और हाईवे पर जाम लगा दिया. किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेड लगाए थे, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड पार कर GT रोड पर पहुंच गए. इसके बाद हाईवे पर यातायात रुक गया. ऐसे में किसानों को हटाने के लिए पुलिस ने किसानों पर आंसू गैस गोले छोड़े.
किसानों को हाईवे से हटाने के लिए पुलिस ने पहले वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, जब प्रदर्शनकारी वहां से नहीं हटे तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े. इसके बाद शाहबाद में कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण बनी रही और किसान अपना प्रदर्शन जारी रखे हुए थे. BKU (चढ़ूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान कई किसानों को हिरासत में लिया है.
प्रदर्शन से पहले BKU (चढ़ूनी) नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी और कुरुक्षेत्र के डिप्टी कमिश्नर विश्राम कुमार मीणा के बीच करीब डेढ़ घंटे तक बैठक हुई. हालांकि, बातचीत से कोई समाधान नहीं निकल सका. इसके बाद किसान नेता और प्रदर्शनकारी GT रोड की ओर बढ़ गए. पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन किसान हाईवे तक पहुंच गए और रास्ता रोक दिया.
किसानों का कहना है कि सरकार को धान की सरकारी खरीद जल्द शुरू करनी चाहिए. किसानों ने इससे पहले हरियाणा सरकार से 15 सितंबर से धान की खरीद शुरू करने की मांग की थी. आमतौर पर हरियाणा में धान की सरकारी खरीद 1 अक्टूबर से शुरू होती है. हालांकि, पिछले साल धान की खरीद 22 सितंबर से शुरू हुई थी. इसी को देखते हुए किसान इस बार भी खरीद जल्द शुरू करने की मांग कर रहे हैं. वहीं, प्रदर्शन के कारण कुछ समय तक नेशनल हाईवे-44 पर यातायात प्रभावित रहा. बाद में पुलिस ने बताया कि हाईवे पर यातायात सामान्य हो गया है. हालांकि, किसानों का प्रदर्शन जारी रहने के कारण शाहबाद में स्थिति पर नजर रखी जा रही थी. (PTI)