त्योहारों से पहले महाराष्ट्र में FDA की बड़ी कार्रवाई, 32 हजार किलो से ज्यादा खाने का सामान जब्त

त्योहारों से पहले महाराष्ट्र में FDA की बड़ी कार्रवाई, 32 हजार किलो से ज्यादा खाने का सामान जब्त

महाराष्ट्र में त्योहारों से पहले खाद्य और औषधि प्रशासन (FDA) ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है. 17 से 20 सितंबर के बीच कार्रवाई में 1.36 करोड़ रुपये से ज्यादा का संदिग्ध खाद्य सामान जब्त या नष्ट किया गया. वहीं, संभाजीनगर में 4,765 किलो संदिग्ध मावा जैसी मिठाई भी पकड़ी गई.

Advertisement
त्योहारों से पहले महाराष्ट्र में FDA की बड़ी कार्रवाई, 32 हजार किलो से ज्यादा खाने का सामान जब्तमहाराष्ट्र में FDA की बड़ी कार्रवाई

महाराष्ट्र में आने वाले त्योहारों को देखते हुए खाद्य और औषधि प्रशासन (FDA) ने मिलावटखोरों और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया. 17 सितंबर से 20 सितंबर तक चले इस विशेष अभियान में राज्यभर से 1.36 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत के संदिग्ध खाने वाली चीजों को जब्त कर नष्ट किया गया. अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्रवाई का मकसद लोगों को त्योहारों के दौरान सुरक्षित, साफ-सुथरा और मिलावट से मुक्त खाना उपलब्ध कराना है.

32 हजार किलो से ज्यादा खाने वाला सामान जब्त

चार दिन चले इस अभियान में FDA की टीमों ने राज्य के कई इलाकों में खाद्य दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की. इस दौरान करीब 32,023 किलो/लीटर संदिग्ध और खराब क्वालिटी वाले खाने की सामान जब्त किए गए या नष्ट किए गए. इनकी कीमत करीब 1.36 करोड़ रुपये थी. जांच में खोया, मावा, पेड़ा, घी, तेल, बर्फी, किशमिश, सूखे मेवे, गुड़, मिठाइयों और दूसरे डेयरी उत्पादों की जांच की गई, जिन सामानों की क्वालिटी खराब मिली या जो खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुसार नहीं थे, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई.

गुजरात से आई मिलावटी मिठाइयों की खेप पकड़ी

FDA प्रमुख तुकाराम मुंढे की टीम ने महाराष्ट्र के संभाजीनगर में शहनूर मियां दरगाह परिसर से करीब 4,765 किलो ‘मावा जैसा’ मिठाई उत्पाद जब्त किया है. इसकी अनुमानित कीमत 7.67 लाख रुपये बताई गई है. त्योहारों के दौरान यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है. FDA ने सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की. विभाग ने बताया कि इस खेप को भेजने वाले सप्लायर और इसे मंगाने वालों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा. त्योहारों को देखते हुए शहर और आसपास के इलाकों में मिठाई की दुकानों पर निरीक्षण बढ़ाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

विभाग के संयुक्त आयुक्त श्रीकांत करकाडे ने बताया कि जब्त उत्पाद शुद्ध मावा यानी खोया नहीं था, बल्कि पाम ऑयल, वनस्पति और चीनी के मिश्रण से तैयार किया गया विकल्प था. उनके मुताबिक कुछ मिठाई निर्माता और विक्रेता कम लागत में मिठाइयां तैयार कर उन्हें असली मावा से बनी मिठाई के तौर पर बेचते हैं, जिससे ग्राहकों को गुमराह किया जाता है.

64 प्रतिष्ठानों की जांच, 12 लाइसेंस सस्पेंड

FDA की प्रवर्तन टीमों ने अभियान के दौरान 64 खाद्य प्रतिष्ठानों, जिनमें होटल, रेस्टोरेंट और ढाबे शामिल थे, उनका निरीक्षण किया. कई जगह साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन में गंभीर कमियां मिलीं. इसके बाद 12 प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस तुरंत सस्पेंड कर दिए गए. वहीं, नियमों में सुधार के लिए 36 अन्य प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए हैं. इसके अलावा मिराज MIDC इलाके में भी FDA ने बड़ी कार्रवाई की. यहां गलत लेबलिंग और खराब क्वालिटी के शक में करीब 1,868 किलो हल्दी पाउडर जब्त किया गया. इसकी कीमत करीब 6.53 लाख रुपये बताई गई है.

FDA ने लोगों से की शिकायत करने की अपील

खाद्य औरऔषधि प्रशासन के आयुक्त तुकाराम मुंडे ने कहा कि खाने-पीने की चीजों में मिलावट और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि एक्सपायर्ड या मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने, उन्हें स्टोर करने या अस्वच्छ परिस्थितियों में खाना तैयार करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. FDA ने लोगों से भी अपील की है कि अगर उन्हें किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या क्वालिटी से जुड़ी गड़बड़ी नजर आती है तो इसकी शिकायत टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800222365 या राज्य के शिकायत पोर्टल के जरिए करें. (ANI)

POST A COMMENT