महाराष्‍ट्र CM ने सूखा प्रभावित किसानों के साथ मनाई दीवाली, PM मोदी ने पहल की सराहना की

महाराष्‍ट्र CM ने सूखा प्रभावित किसानों के साथ मनाई दीवाली, PM मोदी ने पहल की सराहना की

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर जिले के लोहारी सावंगा गांव में किसानों के साथ दिवाली मनाई और अरुणाबाई व रामभाऊ बलपांडे के घर ठहरे. इस दौरान उन्होंने सूखे से प्रभावित किसानों की समस्याएं सुनीं और रबी फसलों को बचाने के उपायों पर चर्चा की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री की इस पहल की सराहना की है.

cm fadnavis diwali 2026 with farmerscm fadnavis diwali 2026 with farmers
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Nov 08, 2026,
  • Updated Nov 08, 2026, 5:28 PM IST

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को नागपुर जिले के लोहारी सावंगा गांव में किसानों के बीच दिवाली मनाई. इस दौरान वह स्थानीय किसान अरुणाबाई बलपांडे और रामभाऊ बलपांडे के घर पहुंचे और उनके परिवार के साथ समय बिताया. मुख्यमंत्री ने किसानों से सीधे बातचीत कर सूखे के कारण खेती और परिवारों के सामने खड़ी चुनौतियों को समझने की कोशिश की. सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सूखे से जूझ रहे किसानों की परेशानियां और उनके परिवारों के भविष्य को लेकर चिंताएं जानकर उनका मन भावुक हो गया. उन्होंने बलपांडे परिवार की ओर से मिले आत्मीय स्वागत के लिए आभार भी जताया.

रबी फसलों को बचाने के लिए उठाएंगे कदम

मुख्यमंत्री ने किसानों के साथ बातचीत में मौजूदा सूखे के बीच रबी फसलों को नुकसान से बचाने के संभावित उपायों पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि जहां भी संभव होगा, वहां बोरवेल खोदने की अनुमति दी जाएगी, ताकि खेती से जुड़ी गतिविधियों को जारी रखने में किसानों को मदद मिल सके.

फडणवीस ने काटोल और नरखेड़ क्षेत्र में संतरे और मौसंबी की बड़े पैमाने पर खेती का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निर्यात से जुड़ी नई चुनौतियों के कारण किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है. 

इस समस्या से निपटने के लिए नागपुर के मिहान (MIHAN) प्रोजेक्ट के तहत संतरे और मौसंबी के प्रसंस्करण के लिए एक बड़ी परियोजना स्थापित करने की योजना है. इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे, ताकि किसानों को परेशानी न हो.

दिवाली पर 1.5 करोड़ किसानों को मिले 5,000 रुपये

इससे पहले लोहारी सावंगा गांव में गुरुदेव सेवा मंडल की ओर से आयोजित प्रार्थना सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य में सूखे की स्थिति पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि इस साल बारिश का इंतजार लंबे समय तक करना पड़ा. इसके चलते फसलों को नुकसान हुआ और किसानों को भारी आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ा. राज्य के कुछ हिस्सों में चारे और पीने के पानी की कमी भी गंभीर हो गई है. सीएम फडणवीस ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है.

उन्होंने कर्जमाफी योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे लाखों किसानों को राहत मिली है. सूखे की वजह से दोबारा पैदा हुए संकट को देखते हुए सरकार ने किसानों को सीधे आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि दिवाली मनाने में किसानों की मदद के लिए करीब 1.5 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 5,000 रुपये जमा कराए गए हैं. उन्होंने बताया कि राशि ट्रांसफर करने की प्रक्रिया अभी जारी है.

PM मोदी ने बताया भावुक करने वाला कदम

मुख्यमंत्री फडणवीस की किसानों के साथ दिवाली मनाने की पहल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सराहना की. पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि लोहारी सावंगा गांव में किसानों के साथ त्योहार मनाना और अरुणाबाई व रामभाऊ बलपांडे के घर ठहरना बेहद भावुक करने वाला कदम है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह पहल महाराष्ट्र की एनडीए सरकार की किसानों के प्रति संवेदनशीलता और उनके कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती है. उन्होंने किसानों की भलाई सुनिश्चित करने के सरकार के संकल्प का भी उल्लेख किया.

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

लोहारी सावंगा ग्राम पंचायत परिसर के सभागार में आयोजित प्रार्थना सभा में महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री और नागपुर के पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले भी मौजूद रहे. इसके अलावा विधायक चरणसिंह ठाकुर, आशीष देशमुख और डॉ. राजीव पोतदार, पूर्व विधायक सुधाकर कोहले, जिला कलेक्टर कुमार आशीर्वाद और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनायक महामुनि समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए. (एएनआई)

MORE NEWS

Read more!