संयुक्त अरब अमीरात के शहरों के लोग भी मुजफ्फरपुर की शाही लीची का स्वाद ले सकेंगे. पहली बार बिहार से करीब 3,000 किमी सऊदी अरब के शारजाह में लीची भेजी जा रही है. इसकी पहल देश और दुनिया की सबसे बड़ी मॉल की कंपनी लुलु कर रही है.
लुलु मॉल के प्रतिनिधियों ने बिहार लीची उत्पादक संघ से संपर्क किया है. ऐसा पहली बार हो रहा है कि खाड़ी देशों के शहरों के मॉल में मुजफ्फरपुर की लीची लोग खरीद सकते हैं.
कंपनी की ओर से ट्रायल के तौर पर पहले एक टन शाही लीची शारजाह भेजी जा रही है.इसके मद्देनजर लखनऊ से कंपनी के प्रतिनिधि आकर गुरुवार से बंदरा में लीची के बाग में खरीदारी कर रहे हैं.
मुजफ्फरपुर जिले में 12 हजार हेक्टेयर में लीची की खेती होती है. वहीं प्रति वर्ष एक लाख टन लीची का उत्पादन होता है. कंपनी के ऑर्डर के अनुसार गुरुवार को मुजफ्फरपुर से शाही लीची पैक होकर बनारस के लिए रवाना हुई. फिर बनारस से फ्लाइट के जरिए लीची को संयुक्त अरब अमीरात भेजा जायेगा.
लुलु मॉल के प्रतिनिधि दीपक मिश्रा ने बताया कि हमारी इंटरनेशनल टीम के हेड मयूशुफ अली मॉनिटरिंग कर रहे हैं. हमलोग आज पहली खेप वाराणसी भेज रहे हैं. वहां से शारजाह एयरपोर्ट जायेगी. फिर गल्फ कंट्री में बेची जाएगी.
वहीं, किसान विरेंद्र सिंह ने बताया कि पहली बार गल्फ कॉन्ट्री जा रही है. काफी खुशी और उम्मीद है कि और बेहतर कीमत मिलेगी.