
महाराष्ट्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जांच के दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने 6,495 किलो खाद्य सामग्री जब्त की है. जब्त किए गए सामान की कीमत करीब 24.92 लाख रुपये बताई गई है. इसमें मिठाइयां, सूखे मेवे, दूध से बने उत्पाद और अन्य खाद्य सामग्री शामिल हैं. FDA ने यह कार्रवाई 27 अक्टूबर को राज्यभर में चलाए गए निरीक्षण अभियान के दौरान की.
FDA के मुताबिक, नागपुर डिवीजन में सबसे अधिक मूल्य की खाद्य सामग्री जब्त की गई. यहां कामठी स्थित राधेकृष्ण फूड प्रोडक्ट्स से 1,795 किलो ममता सोनपापड़ी बरामद की गई, जिसकी कीमत 10,60,970 रुपये है. जांच में प्रतिष्ठान जरूरी पंजीकरण के बिना संचालित होता मिला. इसके अलावा, उत्पादों के लेबल पर दी जाने वाली अनिवार्य जानकारी में भी खामियां पाई गईं.
पुणे डिवीजन में FDA ने दो प्रतिष्ठानों से 358 किलो बादाम जब्त किए, जिनकी कीमत 3.58 लाख रुपये बताई गई है. इसी दौरान 493 किलो काली किशमिश भी जब्त की गई, जिसका मूल्य 2.46 लाख रुपये है. इसके अलावा, एक व्यापारी के यहां से 478 किलो फुटाणे की दाल बरामद की गई, जिसकी कीमत 53,775 रुपये है. इन खाद्य पदार्थों में लेबलिंग संबंधी खामियों या गुणवत्ता से जुड़ी गड़बड़ियों की आशंका जताई गई.
कोंकण डिवीजन में FDA ने दो प्रतिष्ठानों से 1,298 किलो खाद्य गोंद जब्त किया. इसकी कीमत 2.69 लाख रुपये बताई गई है. इसके अलावा, 631 किलो गुड़, गुड़ पाउडर और शहद भी जब्त किया गया, जिसका कुल मूल्य 1.43 लाख रुपये है. इन उत्पादों की गुणवत्ता और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर संदेह के बाद कार्रवाई की गई.
मुंबई डिवीजन में यशोदा डेयरी से 76,510 रुपये मूल्य का 250.50 किलो दूध पाउडर, भैंस का दूध और पनीर जब्त किया गया. इसके अलावा, 35,520 रुपये मूल्य का 296 किलो टूटा चावल और 36,000 रुपये की 72 किलो मोहनथाल मिठाई भी जब्त की गई. FDA ने 1.22 लाख रुपये मूल्य की 240.50 किलो अलग-अलग मिठाइयां भी जब्त कीं. इन मिठाइयों में मिलाए गए रंग की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक होने की आशंका जताई गई.
छत्रपति संभाजीनगर डिवीजन में FDA ने 62,080 रुपये मूल्य के 388 किलो बाजरा उत्पाद और 27,840 रुपये मूल्य के 195 किलो मिल्क बिस्कुट जब्त किए. इन उत्पादों की गुणवत्ता निर्धारित मानकों से कम होने या लेबल पर गलत जानकारी दिए जाने की आशंका थी. (पीटीआई)