FSSAI ने कई फूड कंपनियों को नोट‍िस भेजे, खाने की चीजों पर गलत ले‍बलिंग, भ्रामक दावे मिले

FSSAI ने कई फूड कंपनियों को नोट‍िस भेजे, खाने की चीजों पर गलत ले‍बलिंग, भ्रामक दावे मिले

खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने लेबलिंग नियमों के उल्लंघन, भ्रामक ब्रांडिंग और गलत स्वास्थ्य दावों को लेकर कई फूड कंपनियों को नोटिस जारी किए हैं. जांच में जूस, कुकिंग ऑयल, व्हे प्रोटीन, पैकेज्ड वॉटर और अन्य खाद्य उत्पादों पर बिना पर्याप्त वैज्ञानिक आधार वाले दावे पाए गए.

FSSAI Notice to FBOsFSSAI Notice to FBOs
आशुतोष मिश्रा
  • New Delhi,
  • Jun 19, 2026,
  • Updated Jun 19, 2026, 7:27 PM IST

भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाले दावों, गलत ब्रांडिंग, लेबलिंग नियमों के उल्लंघन और अन्य शिकायतों को लेकर कई फूड बिजनेस ऑपरेटर्स (एफबीओ) को नोटिस जारी किए हैं. प्राधिकरण ने कंपनियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं और साफ किया है कि खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.

जांच के दायरे में स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े दावे

FSSAI की जांच में कई ऐसे उत्पाद सामने आए जिन पर स्वास्थ्य और पोषण संबंधी ऐसे दावे किए गए जिनके समर्थन में पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं थे. जांच के दायरे में आम आधारित पेय, टोफू, नूडल्स, कुकिंग ऑयल, व्हे प्रोटीन, जूस, पैकेज्ड वॉटर और सप्लीमेंट जैसे उत्पाद शामिल रहे. कई उत्पादों पर "नो एडेड शुगर", "100 प्रतिशत नेचुरल", "हार्ट प्रो", "एंटी कैंसर प्रॉपर्टीज" और "रिच इन मिल्क सॉलिड्स" जैसे दावे पाए गए, जिन्हें नियामकीय मानकों के अनुरूप साबित नहीं किया जा सका.

कई उत्पादों और कंपनियों को नोटिस

FSSAI ने इन्सिप्रो गोल्ड पाउडर वैनिला और कोरियन जिनसेंग सप्लीमेंट से जुड़े दावों पर सवाल उठाए. प्राधिकरण के अनुसार, इन उत्पादों में स्वास्थ्य लाभ, बेहतर प्रदर्शन और पोषण श्रेष्ठता से जुड़े ऐसे दावे पाए गए, जो निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं थे. इसके अलावा बुरांश स्क्वैश, अल्कलाइन न्यूट्रिएंट वॉटर और अल्फांसो मैंगो फ्रूट ड्रिंक जैसे उत्पादों को भी भ्रामक लेबलिंग, बिना मंजूरी वाले स्वास्थ्य दावों और जरूरी जानकारी नहीं देने को लेकर नोटिस जारी किए गए.

उपभोक्ता शिकायतों पर भी कार्रवाई

एफएसएसएआई ने उपभोक्ता शिकायतों के आधार पर भी कार्रवाई की है. परम डेयरी लिमिटेड से कैटरिंग सेवाओं में सप्लाई किए गए डेयरी उत्पादों में फंगल संक्रमण से जुड़े आरोपों पर जानकारी मांगी गई है. वहीं बीकानेरवाला को खाद्य तैयारी और सेवा क्षेत्रों में कथित स्वच्छता संबंधी चिंताओं को लेकर नोटिस जारी किया गया है.

उपभोक्ता भरोसा बढ़ाने पर जोर

FSSAI ने कहा कि खाद्य उत्पादों पर किए जाने वाले दावों में पारदर्शिता और वैज्ञानिक आधार जरूरी है. प्राधिकरण का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सही जानकारी उपलब्ध कराना, जिम्मेदार कारोबारी व्यवहार को बढ़ावा देना और खाद्य क्षेत्र में भरोसा मजबूत करना है.

MORE NEWS

Read more!