पहली छमाही में 93 फीसदी बढ़ा Deepak Fertilisers का मुनाफा, कंपनी के दो नए प्रोजेक्‍ट जल्‍द होंगे चालू

पहली छमाही में 93 फीसदी बढ़ा Deepak Fertilisers का मुनाफा, कंपनी के दो नए प्रोजेक्‍ट जल्‍द होंगे चालू

Deepak Fertilisers का वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में शुद्ध मुनाफा 93 फीसदी बढ़कर 884 करोड़ रुपये पहुंच गया. इस दौरान कंपनी का ऑपरेटिंग EBITDA 63 फीसदी बढ़कर 1,595 करोड़ रुपये रहा. दाहेज का नाइट्रिक एसिड और गोपालपुर का TAN प्रोजेक्ट करीब 98 फीसदी पूरा हो चुका है और इनके जल्‍द शुरू होने की उम्मीद है.

Deepal Fertilizers q2 resultsDeepal Fertilizers q2 results
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Nov 14, 2026,
  • Updated Nov 14, 2026, 4:28 PM IST

दीपक फर्टिलाइजर्स एंड पेट्रोकेमिकल्‍स कॉर्पोरेशन लिमिटेड (DFPCL) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया है. अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच कंपनी का शुद्ध मुनाफा (PAT) सालाना आधार पर 93 फीसदी बढ़कर 884 करोड़ रुपये रहा. इसी अवधि में ऑपरेटिंग EBITDA 63 फीसदी बढ़कर 1,595 करोड़ रुपये हो गया. कंपनी ने 13 नवंबर को जारी बयान में सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही के नतीजे बताए. कंपनी ने इस प्रदर्शन का श्रेय अपनी एकीकृत वैल्यू चेन और Equinor के साथ हुए दीर्घकालिक ऊर्जा अनुबंध के फायदे को दिया है.

दूसरी तिमाही में मुनाफा 84 फीसदी बढ़ा

जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही (Q2 FY27) में कंपनी का कंसोलिडेटेड ऑपरेटिंग रेवेन्यू सालाना आधार पर 11 फीसदी बढ़कर 3,334 करोड़ रुपये रहा. एक साल पहले की समान तिमाही में यह 3,006 करोड़ रुपये था. ऑपरेटिंग EBITDA 62 फीसदी उछलकर 750 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल 464 करोड़ रुपये था. शुद्ध मुनाफा 84 फीसदी बढ़कर 394 करोड़ रुपये रहा, जबकि Q2 FY26 में यह 214 करोड़ रुपये था.

छमाही में राजस्व और मार्जिन

पहली छमाही में कंपनी का ऑपरेटिंग रेवेन्यू 16 फीसदी बढ़कर 6,590 करोड़ रुपये रहा. पिछले साल की समान अवधि में यह 5,665 करोड़ रुपये था. कुल आय भी 16 फीसदी बढ़कर 6,608 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 5,715 करोड़ रुपये थी. ऑपरेटिंग EBITDA मार्जिन 17.2 फीसदी से बढ़कर 24.2 फीसदी और PAT मार्जिन 8 फीसदी से बढ़कर 13.4 फीसदी हो गया.

पिछली तिमाही के मुकाबले नरमी

हालांकि, तिमाही आधार पर कंपनी का प्रदर्शन कमजोर रहा. Q1 FY27 के मुकाबले Q2 में ऑपरेटिंग रेवेन्यू 2 फीसदी बढ़ा. वहीं ऑपरेटिंग EBITDA 11 फीसदी घटकर 750 करोड़ रुपये और PAT 20 फीसदी घटकर 394 करोड़ रुपये रह गया. कंपनी के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर एस.सी. मेहता ने कहा, "कंपनी ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ H1 प्रदर्शन किया है, जिसमें PAT सालाना आधार पर 93 फीसदी और ऑपरेटिंग EBITDA 63 फीसदी बढ़ा है. यह हमारी ग्रोथ यात्रा का एक अहम पड़ाव है." 

उन्होंने कहा कि अमेरिका-ईरान संघर्ष से पैदा हुई लगातार अस्थिरता और सप्लाई चेन की बाधाओं के बावजूद यह प्रदर्शन हासिल हुआ. मेहता के मुताबिक कंपनी की ताकत तीन बातों में है. पहली, LNG से अमोनिया और फिर डाउनस्ट्रीम उत्पादों तक की एकीकृत वैल्यू चेन, जो लागत और सप्लाई के उतार-चढ़ाव से बचाव देती है. 

दूसरी, माइनिंग केमिकल्स, क्रॉप न्यूट्रिशन और इंडस्ट्रियल केमिकल्स में भारत की विकास जरूरतों से जुड़ी मांग, जो महंगाई वाले माहौल में भी टिकी हुई है. तीसरी, कमोडिटी उत्पादों से स्पेशियलिटी, क्रॉपटेक और B2C जैसे अलग पहचान वाले कारोबार की ओर बढ़ना. उन्होंने कहा, "हम आश्वस्त हैं कि DFPCL काफी मजबूत स्थिति से अपने विकास के अगले चरण में प्रवेश कर रहा है."

माइनिंग केमिकल में TAN का राजस्व 25 फीसदी बढ़ा

माइनिंग केमिकल कारोबार में टेक्निकल अमोनियम नाइट्रेट (TAN) का Q2 राजस्व सालाना आधार पर 25 फीसदी बढ़ा. मॉनसून के कारण वॉल्यूम में नरमी रही. B2C राजस्व 40 फीसदी बढ़ा और सेगमेंट के कुल राजस्व में इसकी हिस्सेदारी 16 फीसदी रही. कंपनी को मॉनसून के बाद माइनिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर गतिविधियों में सुधार की उम्मीद है. उसका कहना है कि वैल्यू-आधारित प्राइसिंग पर फोकस से मार्जिन को सहारा मिलेगा.

नाइट्रिक एसिड और IPA का हाल

फार्मा और स्पेशियलिटी केमिकल कारोबार में नाइट्रिक एसिड की बिक्री 80 हजार टन (80 KT) रही. यह सालाना आधार पर 14 फीसदी और पिछली तिमाही के मुकाबले 9 फीसदी ज्यादा है. कीमतों पर दबाव से रियलाइजेशन प्रभावित हुआ, पर कंपनी के मुताबिक कीमतों में सुधार के शुरुआती संकेत दिखने लगे हैं. 

आइसोप्रोपाइल अल्कोहल (IPA) की बिक्री 17 हजार टन (17 KT) रही. RGP की कमी के बावजूद पिछली तिमाही के मुकाबले इसमें बढ़ोतरी हुई. फार्मा-ग्रेड IPA पर कंपनी को बेहतर रियलाइजेशन मिला. कंपनी के अनुसार, RGP की सप्लाई अब भी तंग है, जिससे IPA की कीमतों को सहारा मिल रहा है.

स्पेशियलिटी उत्पादों का विस्तार

कंपनी ने सोलर केमिकल्स, हेल्थकेयर सैनिटेशन और फार्मास्युटिकल इस्तेमाल के लिए स्पेशियलिटी उत्पादों का दायरा बढ़ाया है. सोलर ग्रेड NA में नए अप्रूवल मिले हैं. Cororid और Puroguard को 16 से ज्यादा राज्यों के 300 से अधिक प्रमुख अस्पतालों में अपनाया गया है. कंपनी ने फार्मा और बायोफार्मा सेक्टर के लिए PuroGuard+ Sterile 70% IPA भी लॉन्च किया है.

खरीफ की मांग पर कई मोर्चों से मार

क्रॉप न्यूट्रिशन (उर्वरक) कारोबार में खरीफ सीजन की मांग पर काफी असर पड़ा. कंपनी ने इसकी वजह कोर इलाकों के कुछ प्रमुख हिस्सों में कम बारिश, फॉस्फोरिक एसिड की सीमित उपलब्धता, कच्चे माल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी और उद्योग में ऊंचा इन्वेंट्री स्तर बताई है. Croptek और स्पेशियलिटी उर्वरकों का कारोबार के कुल राजस्व में 28 फीसदी योगदान रहा, जो पिछले साल भी 28 फीसदी था. कंपनी अब सिंचित और ज्यादा संभावना वाले बाजारों पर ध्यान दे रही है.

दो बड़े प्रोजेक्ट जल्‍द शुरू होने की उम्मीद

गुजरात के दाहेज में नाइट्रिक एसिड कॉम्प्लेक्स और ओडिशा के गोपालपुर में TAN प्रोजेक्ट करीब 98 फीसदी पूरे हो चुके हैं. दोनों जगह कमीशनिंग का काम चल रहा है. कंपनी को वित्त वर्ष 2026-27 की चौथी तिमाही (Q4 FY27) में इनका परिचालन शुरू होने की उम्मीद है. कुल पूंजीगत खर्च (Capex) स्वीकृत सीमा के भीतर है. कंपनी के मुताबिक, चालू होने के बाद ये प्रोजेक्ट नाइट्रिक एसिड और TAN में उसकी अग्रणी स्थिति मजबूत करेंगे, सप्लाई की निश्चितता बढ़ाएंगे और ऑपरेटिंग लीवरेज सुधारेंगे. 

MORE NEWS

Read more!