अंतरराष्ट्रीय एक्सपर्ट्स ने खेती के भविष्य पर की बातKisan Tak Bharat Agriculture Conference 2026: जलवायु परिवर्तन, घटता भूजल स्तर और खेती की बढ़ती लागत ने किसानों के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं. ऐसे में खेती को टिकाऊ और लाभकारी बनाने के लिए कम संसाधनों में बेहतर उत्पादन हासिल करना जरूरी हो गया है. इसके लिए फसल उत्पादन के साथ पानी का बेहतर प्रबंधन, आधुनिक बीजों का इस्तेमाल और फसल भंडारण की सुविधाओं को मजबूत करना होगा. खेती के इन्हीं पहलुओं पर दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 के दूसरे दिन 'भविष्य की खेती' सत्र में अंतरराष्ट्रीय कृषि विशेषज्ञों ने अपने सुझाव साझा किए.
इंटरनेशनल पोटैटो सेंटर के डायरेक्टर जनरल डॉ. साइमन हेक ने कहा कि भारत में आलू की मांग पूरे साल बनी रहती है, जबकि इसकी फसल एक खास सीजन में आती है. ऐसे में फसल की आवक बढ़ने पर बाजार में कीमतें गिर जाती हैं और किसानों को कई बार कम दाम पर आलू बेचना पड़ता है. इस समस्या से बचने के लिए बेहतर भंडारण व्यवस्था और बाजार से जुड़ी मजबूत व्यवस्था जरूरी है.
उन्होंने कहा कि भारत में आलू के कमर्शियल स्टोरेज की सुविधाएं पहले से मौजूद हैं. जरूरत किसानों, कोल्ड स्टोरेज संचालकों और बाजार से जुड़े लोगों के बीच बेहतर तालमेल बनाने की है. फसल की अधिक आवक के समय आलू का सही तरीके से भंडारण किया जाए और बाजार की मांग के अनुसार इसे धीरे-धीरे उपलब्ध कराया जाए. इससे किसानों को बेहतर कीमत मिलने के साथ उपभोक्ताओं को भी सालभर उचित दाम पर आलू मिल सकेगा.
डॉ. साइमन हेक ने आलू को लेकर प्रचलित स्वास्थ्य संबंधी धारणाओं पर भी बात की. उन्होंने कहा कि आलू अपने आप में एक पौष्टिक फसल है. इसमें विटामिन और फाइबर पाए जाते हैं और इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स मध्यम स्तर का होता है. डायबिटीज और स्वास्थ्य से जुड़ी कई चिंताओं का संबंध आलू के बजाय उसे पकाने और प्रोसेस करने के तरीके से होता है. उन्होंने बताया कि संतुलित खानपान में आलू को शामिल किया जा सकता है.
धान की खेती में पानी की अधिक खपत को कम करना भविष्य की बड़ी जरूरत है. इंटरनेशनल राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट (IRRI) के रिसर्च डायरेक्टर डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि धान की खेती में ज्यादा पानी लगने की एक बड़ी वजह इसे उगाने का पारंपरिक तरीका है. खेती की तकनीक में बदलाव करके उत्पादन बनाए रखते हुए 30 से 50 फीसदी तक पानी बचाया जा सकता है.
उन्होंने इसके लिए धान की सीधी बुवाई (Direct Seeded Rice) और अल्टरनेट वेटिंग एंड ड्राइंग (AWD) तकनीक अपनाने पर जोर दिया. सीधी बुवाई में खेत में पानी भरकर पौधों की रोपाई करने और पडलिंग की जरूरत नहीं पड़ती. इससे करीब 30-40 फीसदी तक पानी की बचत संभव है. वहीं AWD तकनीक में खेत में लगातार पानी भरकर रखने के बजाय जरूरत के अनुसार सिंचाई की जाती है और बीच-बीच में खेत को सूखने दिया जाता है.
डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि धान के खेतों में लगातार पानी भरा रहने से मीथेन गैस का उत्सर्जन होता है. यह ग्रीनहाउस गैस जलवायु परिवर्तन को बढ़ाने में योगदान देती है. ऐसे में सिंचाई के बेहतर तरीकों से पानी बचाने के साथ पर्यावरण को होने वाले नुकसान को भी कम किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि सही तकनीक और जल प्रबंधन अपनाकर धान की खेती से होने वाले मीथेन उत्सर्जन में 70 फीसदी तक कमी लाई जा सकती है.
इंटरनेशनल वॉटर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट की डिप्टी डायरेक्टर जनरल डॉ. राचेल मैकडोनाल्ड ने कहा कि भारत में खेती का भविष्य पानी के बेहतर प्रबंधन पर निर्भर करेगा. देश के कुछ हिस्सों में अत्यधिक बारिश होती है, जबकि कई इलाकों में किसानों को सूखे का सामना करना पड़ता है. जलवायु परिवर्तन के कारण बारिश का पैटर्न भी बदल रहा है. ऐसे में बारिश के पानी को सहेजना, जमीन में पहुंचाना और जरूरत के लिए खेतों में उसका भंडारण करना जरूरी है.
उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए उपलब्ध पानी का इस्तेमाल जरूरत के हिसाब से करना होगा. इसके लिए जल संरक्षण और पानी के पुनर्भरण से जुड़े उपायों को बढ़ावा देना जरूरी है. पानी की उपलब्धता सुनिश्चित किए बिना लंबे समय तक खाद्य उत्पादन को बनाए रखना मुश्किल होगा.
डॉ. राचेल मैकडोनाल्ड ने खेती में सौर ऊर्जा के इस्तेमाल को भी किसानों के लिए उपयोगी बताया. उन्होंने कहा कि सोलर पंप से किसान अपनी सिंचाई की जरूरत पूरी कर सकते हैं. अगर जरूरत से ज्यादा बिजली पैदा होती है तो उसे ग्रिड में भेजकर अतिरिक्त आमदनी भी हासिल की जा सकती है. इसके अलावा कार्बन क्रेडिट भी किसानों के लिए कमाई का एक संभावित जरिया बन सकता है. उन्होंने कहा कि खेती में ऐसी तकनीकों को अपनाना जरूरी है, जिनसे पानी और ऊर्जा की बचत के साथ उत्पादन लागत भी कम हो.
डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण खेती पर सूखा, बाढ़, बढ़ता तापमान और तटीय क्षेत्रों में खारे पानी के प्रवेश जैसी चुनौतियों का असर पड़ रहा है. इन परिस्थितियों से निपटने के लिए वैज्ञानिकों ने अलग-अलग तरह की जलवायु सहनशील धान की किस्में विकसित की हैं. इनमें ऐसी किस्में भी शामिल हैं, जो दो से तीन सप्ताह तक पानी में डूबे रहने के बाद भी जीवित रह सकती हैं. इसके अलावा सूखा, अधिक तापमान और खारे पानी को सहन करने वाली किस्मों पर भी काम किया गया है.
उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे अपने क्षेत्र की जलवायु, मिट्टी और मौसम की परिस्थितियों के अनुसार फसल और बीज का चुनाव करें. इसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित एडवाइजरी सिस्टम भी उपयोगी हो सकते हैं. इनकी मदद से किसानों को स्थानीय मौसम और खेती की परिस्थितियों के मुताबिक सलाह दी जा सकती है.
डॉ. साइमन हेक ने कहा कि जलवायु परिवर्तन को देखते हुए आलू की ऐसी नई किस्में विकसित करने की जरूरत है, जो सूखा, बाढ़ और बढ़ते तापमान जैसी परिस्थितियों का सामना कर सकें. इसके लिए सरकारी संस्थानों, अंतरराष्ट्रीय कृषि अनुसंधान केंद्रों और निजी कंपनियों के बीच साझेदारी जरूरी है. उन्होंने बताया कि भारत में अब उन राज्यों में भी आलू की खेती का विस्तार हो रहा है, जहां पहले इसका उत्पादन सीमित था. बाजार में बढ़ती मांग को देखते हुए साल 2050 तक भारत में आलू की घरेलू मांग दोगुनी होने की संभावना है.
'भविष्य की खेती' सत्र में ICRISAT के डिप्टी डायरेक्टर जनरल डॉ. स्टैनफोर्ड ब्लेड और वर्ल्डफिश के डायरेक्टर जनरल डॉ. एस्साम यासीन मोहम्मद भी शामिल हुए. दोनों विशेषज्ञों ने बदलती जलवायु के बीच कृषि और खाद्य उत्पादन को टिकाऊ बनाने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की. सम्मेलन में विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया कि खेती का भविष्य सिर्फ उत्पादन बढ़ाने से तय नहीं होगा, बल्कि पानी, ऊर्जा और जमीन जैसे सीमित संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल भी उतना ही महत्वपूर्ण होगा.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today