Mushroom Farming से बदले चित्‍तौड़गढ़ के किसान लाल सिंह मीणा के हालात, तीन गुना बढ़ी कमाई

Mushroom Farming से बदले चित्‍तौड़गढ़ के किसान लाल सिंह मीणा के हालात, तीन गुना बढ़ी कमाई

चित्तौड़गढ़ के किसान लाल सिंह मीणा ने पथरीली जमीन पर मशरूम खेती अपनाकर अपनी आय में बड़ा बदलाव किया. पारंपरिक खेती छोड़कर किए गए इस प्रयोग से उनकी कमाई तीन गुना तक बढ़ी और अब अन्य किसान भी इससे प्रेरित हो रहे हैं.

Mushroom Farmer Lal Singh MeenaMushroom Farmer Lal Singh Meena
क‍िसान तक
  • Noida,
  • May 09, 2026,
  • Updated May 09, 2026, 5:33 PM IST

राजस्‍थान के चित्तौड़गढ़ जिले के बड़ीसादड़ी क्षेत्र का पायरी गांव कभी पथरीली जमीन और सीमित संसाधनों के कारण खेती की चुनौतियों के लिए जाना जाता था. यहां खेती का मतलब पारंपरिक फसलों पर निर्भर रहना और कम आय में गुजारा करना था. लेकिन, इसी कठिन जमीन पर अब बदलाव की नई कहानी लिखी गई है. इस बदलाव के केंद्र में हैं- प्रगतिशील किसान लाल सिंह मीणा, जिन्होंने मशरूम उत्पादन को अपनाकर न सिर्फ अपनी आमदनी बढ़ाई, बल्कि पूरे इलाके के किसानों के लिए नई राह भी खोल दी.

20-30 बेड लगाकर एक कमरे से शुरू की खेती

लाल सिंह मीणा पहले मक्का जैसी पारंपरिक फसलों की खेती करते थे, जिसमें मेहनत ज्‍यादा लगती थी, लेकिन आमदनी उम्मीद के मुताबिक नहीं होती थी. इसी दौरान उन्हें नाबार्ड की वाड़ी परियोजना के तहत प्रशिक्षण लेने का मौका मिला. इस प्रशिक्षण ने उनकी सोच को नया दिशा दी और उन्होंने पारंपरिक खेती से हटकर कुछ अलग करने का फैसला लिया. सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने घर के छोटे से कमरे में मशरूम उत्पादन की शुरुआत की और करीब 20 से 30 बेड लगाकर प्रयोग शुरू किया.

25 दिनों में मिलने लगा मशरूम उत्‍पादन

शुरुआत के कुछ ही हफ्तों में उनकी मेहनत रंग लाने लगी. लगभग 25 दिनों में मशरूम तैयार होने लगे और उत्पादन ने उन्हें आत्मविश्वास दिया. हालांकि शुरुआती दौर में बाजार में ताजे मशरूम बेचने में कठिनाइयां आईं, लेकिन उन्होंने समस्या का समाधान ढूंढ लिया. विशेषज्ञों के सुझाव पर उन्होंने मशरूम को सुखाकर उसका पाउडर बनाना शुरू किया, जिससे उनकी उपज को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के साथ-साथ बेहतर दाम भी मिलने लगे.

1200-1500 रुपये किलो बिक रहा मशरूम पाउडर

आज मशरूम पाउडर 1200 से 1500 रुपए प्रति किलो तक बिक रहा है, जिससे उनकी आय में बड़ा उछाल आया है. लाल सिंह मीणा बताते हैं कि जहां मक्का की एक फसल से सीमित कमाई होती थी, वहीं अब सिर्फ दो कमरों में मशरूम उत्पादन करके उससे लगभग तीन गुना अधिक लाभ मिल रहा है. यह बदलाव उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में अहम साबित हुआ है.

दूसरे किसान भी हो रहे प्रेरित

उनकी सफलता का असर अब पूरे क्षेत्र में दिखाई देने लगा है. आसपास के किसान भी उनसे प्रेरित होकर मशरूम उत्पादन और अन्य वैकल्पिक खेती की ओर कदम बढ़ा रहे हैं. लाल सिंह मीणा का मानना है कि अगर किसान नई तकनीकों और आधुनिक खेती के तरीकों को अपनाएं, तो कम जमीन और कम समय में भी अच्छी आमदनी हासिल की जा सकती है.

उनके नवाचार और उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए उन्हें जिला स्तर पर सम्मानित भी किया गया है. उद्यान विभाग की ओर से उन्हें 5 एचपी का सोलर पंप भी मिला है, जिससे उनके कृषि कार्यों को अतिरिक्त सहारा मिला है. अब उनका लक्ष्य मशरूम उत्पादन को बड़े स्तर पर विस्तार देना है और अधिक से अधिक किसानों को इससे जोड़ना है.

MORE NEWS

Read more!