
खरीफ सीजन शुरू होने से पहले महाराष्ट्र के अकोला जिले में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली खाद के अवैध कारोबार का खुलासा किया है. विभाग की टीम ने MIDC फेज-4 इलाके में एक गोदाम पर छापा मारकर करीब 92 लाख रुपये कीमत के 27 तरह के जैव उत्तेजक (बायो-स्टिमुलेंट) जब्त किए हैं. यह कार्रवाई 19 मई को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई. अधिकारियों को जानकारी मिली थी कि MIDC इलाके में बिना अनुमति बड़ी मात्रा में बायो-स्टिमुलेंट का भंडारण और बिक्री की जा रही है. कृषि विभाग के मुताबिक, ये उत्पाद नियमों का पालन किए बिना बेचे जा रहे थे, जिससे किसानों को नुकसान हो सकता था.
सूचना मिलते ही कृषि विकास अधिकारी डॉ. तुषार जाधव और जिला गुणवत्ता नियंत्रण निरीक्षक सतीश कुमार दांडगे के नेतृत्व में कृषि विभाग की उड़नदस्ता टीम ने एग्रोटोनिक एशियन इंडस्ट्रीज नामक कंपनी के गोदाम पर छापा मारा. छापेमारी के दौरान गोदाम में कंपनी के 27 प्रकार के जैव उत्तेजक उत्पाद (PGR) बड़ी मात्रा में पाए गए. जांच के दौरान संबंधित व्यक्तियों से उत्पादों के लाइसेंस और करारनामे की मांग की गई, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए. अधिकारियों ने बताया कि कुल 3,827 लीटर और 31,141 किलोग्राम जैव उत्तेजक जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत 92 लाख 5 हजार 500 रुपये आंकी गई है.
जप्त किए गए खाद के नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि यह सामग्री पूरी तरह नकली थी या मानकों के अनुरूप नहीं थी. वहीं, इस मामले में कृषि अधिकारी (गुण नियंत्रण) सुधाकर खंडारे की शिकायत पर MIDC पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है. आरोपियों के खिलाफ अत्यावश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के तहत कार्रवाई की जा रही है.
इस कार्रवाई में कृषि अधिकारी रोहिणी मोघाडे, सुधाकर खंडारे, पंकज जगताप, पंकज झरे समेत अन्य अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. पूरी कार्रवाई जिलाधिकारी वर्षा मीना, जिला परिषद सीईओ अनीता मेश्राम और कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई.
कृषि विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि खरीफ सीजन को देखते हुए अवैध खाद, बीज और जैव उत्पादों के कारोबारियों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस कार्रवाई के बाद अवैध कृषि इनपुट के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. वहीं, किसानों के हितों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की सक्रियता भी सामने आई है.